सतना: जिले के कोलगवां थाना क्षेत्र के उतैली मोड़ सतना-मैहर बाईपास पर शनिवार सुबह करीब 10 बजे एक तेज रफ्तार निजी बस ने मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी।इस भीषण दुर्घटना में मोटरसाइकिल सवार दो सगे भाइयों विवेक यादव (25 वर्ष) और विनय यादव (24 वर्ष), निवासी चकदही की दर्दनाक मौत हो गई।विवेक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि विनय ने रीवा अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। हादसे के बाद चालक बस छोड़कर फरार हो गया।
इस हृदयविदारक घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। दोनों मृतक भाइयों की शादी महज 18 दिन पहले, बीते 12 मई को उचेहरा क्षेत्र की दो सगी बहनों से एक साथ धूमधाम से हुई थी। घर में अभी नई नवेली दुल्हनों के आगमन की खुशियां मनाई ही जा रही थीं कि नियति के इस क्रूर प्रहार ने दोनों बहनों का सुहाग एक साथ उजाड़ दिया। घटना के बाद से दोनों परिवारों और ससुराल पक्ष में कोहराम मचा हुआ है।
पोस्टमार्टम के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने सतना-रीवा मुख्य मार्ग पर शव रखकर करीब 45 मिनट तक चक्काजाम किया, जिससे यातायात पूरी तरह ठप हो गया। इस दौरान भीड़ में शामिल कुछ उपद्रवियों ने फंसी हुई बसों पर पथराव कर तोड़फोड़ भी की। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर उपद्रवियों को खदेड़ा और कुछ को हिरासत में लिया।
हंगामे की सूचना पर पहुंचे एसडीएम सिटी राहुल सिलाडिया और सीएसपी देवेंद्र प्रताप सिंह ने परिजनों को समझाया। प्रशासन ने संवेदनशीलता दिखाते हुए तत्काल राहत के रूप में रेडक्रॉस सोसायटी से अंतिम संस्कार के लिए 25-25 हजार रुपए की नकद सहायता दी। साथ ही संबल योजना के तहत दोनों परिवारों को 4-4 लाख रुपए की आर्थिक सहायता दिलाने का पुख्ता आश्वासन दिया, जिसके बाद जाम समाप्त हुआ। पुलिस ने आरोपी बस को जब्त कर फरार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश जारी है।
