दुबई , 14 अप्रैल (वार्ता) संजू सैमसन ने मार्च 2026 के लिए मेंस आईसीसी प्लेयर ऑफ द मंथ अवॉर्ड अपने नाम किया। उन्होंने जसप्रीत बुमराह और कॉनर एस्टरहुइज़ेन को पीछे छोड़ा।
31 वर्षीय सैमसन ने आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का खिताब भी जीता। उन्होंने वेस्टइंडीज के खिलाफ कोलकाता में वर्चुअल क्वार्टरफाइनल, मुंबई में इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल और अहमदाबाद में न्यूजीलैंड के खिलाफ फाइनल में मैच जिताऊ पारियां खेलीं।
सैमसन ने वेस्टइंडीज के खिलाफ नाबाद 97 रन बनाने के बाद, सेमीफाइनल और फाइनल में लगातार 89-89 रन की पारियां खेलीं। उनकी इन पारियों की बदौलत भारतीय क्रिकेट टीम को टी20 वर्ल्ड कप खिताब को सफलतापूर्वक डिफेंड करने वाली पहली टीम बना। इसके साथ ही, भारत अपने घरेलू मैदान पर यह ट्रॉफी जीतने वाला पहला देश भी बना।
सैमसन ने कहा, “आईसीसी प्लेयर ऑफ द मंथ अवॉर्ड जीतना बेहद खास एहसास है, खासकर तब जब यह मेरे करियर के सबसे यादगार दौर में मिला है। भारत की टी20 वर्ल्ड कप जीत का हिस्सा बनना एक सपना सच होने जैसा था।”
फिलहाल टी20 बल्लेबाजों की आईसीसी रैंकिंग में 20वें स्थान पर मौजूद सैमसन ने 62 टी20 इंटरनेशनल मैचों में 1399 रन बनाए हैं, उनका औसत 28.55 और स्ट्राइक रेट 150 से ज्यादा है। इस फॉर्मेट में उनके नाम तीन शतक भी हैं।
उन्होंने अपनी यह फॉर्म आईपीएल 2026 में भी जारी रखी और हाल ही में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ चेन्नई सुपर किंग्स के लिए नाबाद 115 रन की पारी खेलकर इस सीजन का पहला शतक लगाया।
सैमसन को यह अवॉर्ड आईसीसी की आधिकारिक वेबसाइट पर फैंस की वोटिंग और पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों व मीडिया प्रतिनिधियों की विशेषज्ञ पैनल की राय के आधार पर दिया गया।
