
देवास। सोमवार सुबह इंदौर-बैतूल नेशनल हाईवे पर खातेगांव थाना क्षेत्र स्थित दुलवां फाटे के समीप एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सतवास से हरदा की ओर जा रही मीनाक्षी ट्रेवल्स की बस और एक कंटेनर के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भयानक थी कि कंटेनर चालक की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं बस में सवार यात्रियों में से करीब 15 से 20 लोग घायल हो गए।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोग तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और घायलों की मदद शुरू की। सूचना मिलते ही नेमावर और कन्नौद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की सहायता से सभी घायलों को खातेगांव सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद कुछ को गंभीर स्थिति में रेफर किया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, दो यात्रियों की हालत नाजुक बनी हुई है।
ट्रैफिक बाधित, दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाया गया
हादसे के चलते कुछ देर के लिए हाईवे पर ट्रैफिक बाधित रहा। पुलिस ने क्रेन की मदद से दोनों दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात बहाल कराया। मृतक ट्रक चालक के शव को पोस्टमार्टम के लिए खातेगांव अस्पताल भेजा गया है।
तेज रफ्तार और लापरवाही बनी हादसे की वजह
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों वाहनों की रफ्तार तेज थी, जिससे टक्कर की तीव्रता बढ़ गई। हादसे के कारणों की जांच पुलिस द्वारा की जा रही है। क्षेत्रवासियों ने मांग की है कि इस दुर्घटना-प्रवण क्षेत्र में स्पीड ब्रेकर या चेतावनी संकेत लगाए जाएं ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके।
