मुंबई, 21 जुलाई (वार्ता) आईटी और बैंकिंग सेक्टरों में बिकवाली का जोर रहने के घरेलू शेयर बाजारों में मंगलवार को प्रमुख सूचकांक गिरावट में रहे और बीएसई का सेंसेक्स 238 अंक नीचे बंद हुआ।
सेंसेक्स 238.41 अंक (0.31 प्रतिशत) टूटकर 77,470.11 अंक पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक भी 50.80 अंक यानी 0.21 प्रतिशत की गिरावट में 24,187.70 अंक पर रहा।
प्रमुख सूचकांकों के विपरीत वृहत बाजारों में तेजी रही। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 0.28 प्रतिशत और स्मॉलकैप-100 सूचकांक 0.53 प्रतिशत ऊपर रहा।
आईटी, सार्वजनिक बैंकों, वित्त, एफएमसीजी, तेल एवं गैस और टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद सेक्टरों के सूचकांक लाल निशान में रहे। ऑटो, धातु, रसायन, फार्मा, रियल्टी और स्वास्थ्य समूहों में तेजी रही।
सेंसेक्स की कंपनियों में बजाज फिनसर्व का शेयर दो प्रतिशत ऊपर बंद हुआ। इंडिगो, अल्ट्राटेक सीमेंट, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, महिंद्रा एंड महिंद्रा और कोटक महिंद्रा बैंक के शेयर एक से दो प्रतिशत तक चढ़े। टाइटन, मारुति सुजुकी, बीईएल, टाटा स्टील, बजाज फाइनेंस, भारती एयरटेल, एनटीपीसी और सन फार्मा में भी तेजी रही। एचडीएफसी बैंक का शेयर दो प्रतिशत से अधिक लुढ़क गया। रिलायंस इंडस्ट्रीज, भारतीय स्टेट बैंक, टीसीएस, इंफोसिस और ट्रेंट में एक से डेढ़ फीसदी तक गिरावट रही। पावरग्रिड और आईटीसी के शेयर भी लाल निशान में रहे।

