
भोपाल। राजधानी के करोंद इलाके से गिरफ्तार किया गया संदिग्ध युवक अदनान कुछ दिन पहले ही अपने परिवार के साथ अशोका गार्डन से यहां शिफ्ट हुआ था। अदनान पेशे से छात्र है और सीए (चार्टर्ड अकाउंटेंट) की तैयारी कर रहा था, लेकिन जांच में चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं।
दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल और मध्यप्रदेश एटीएस की संयुक्त कार्रवाई में अदनान को गिरफ्तार किया गया है। बताया जा रहा है कि वह आईएसआईएस समर्थित व्हाट्सएप ग्रुप पर सक्रिय था और देश में हमले की साजिश रचने की तैयारी में था। अदनान की गतिविधियों पर सुरक्षा एजेंसियां काफी समय से नजर रखे हुए थीं।
गिरफ्तारी दीपावली के एक दिन पहले हुई, जिससे सुरक्षा एजेंसियों ने संभावित बड़ी घटना को टाल दिया। अदनान के मोबाइल और डिजिटल उपकरणों की जांच जारी है, जबकि परिवार से भी पूछताछ की जा रही है।
