बारिश में भी दिखा भक्ति का अद्भुत संगम- हरियाली अमावस्या पर लदूसा नरेश श्री सांवरिया सेठ मंदिर में उमड़ा आस्था का जनसैलाब

मन्दसौर। मालवा क्षेत्र के प्रसिद्ध लदुसा नरेश भगवान श्री लक्ष्मी नारायण (सांवरिया सेठ) मंदिर में हरियाली अमावस्या के पावन पर्व पर अपार श्रद्धा और भक्ति का माहौल देखने को मिला। इस विशेष अवसर पर हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने मंदिर पहुंचकर भगवान के दर्शन किए और पुण्य लाभ कमाया। सुबह से लेकर शाम तक लगातार होती रिमझिम और भारी बारिश के बावजूद भक्तों के उत्साह में कोई कमी नहीं आई। श्रद्धालु पूरी लगन के साथ लंबी-लंबी कतारों में खड़े रहकर अपनी बारी का इंतजार करते रहे और भगवान सांवरिया सेठ के जयकारों से पूरा परिसर गुंजायमान हो उठा।

मंदिर के ट्रस्टी पंडित महेश व्यास लदूसा ने जानकारी देते हुए बताया कि हरियाली अमावस्या के इस शुभ अवसर पर भगवान सांवरिया सेठ का अत्यंत भव्य एवं अलौकिक श्रृंगार किया गया था। भगवान को विशेष रूप से चांदी की पोशाक धारण कराई गई थी तथा ताजे कमल के फूलों से उनका आकर्षक श्रृंगार किया गया था। भगवान के इस दिव्य स्वरूप के दर्शन कर भक्त भावविभोर हो उठे। आसपास के कई गांवों से श्रद्धालु पैदल यात्राएं निकालकर मंदिर पहुंचे। ढोल-नगाड़ों और डीजे की धुन पर थिरकते, भजनों का आनंद लेते तथा अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति की आस लिए भक्त लगातार मंदिर परिसर में प्रवेश करते रहे।

दिनभर चले इस धार्मिक अनुष्ठान के दौरान व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने के लिए मंदिर समिति और स्थानीय ग्रामीणों का विशेष सहयोग रहा। रिमझिम बारिश के बीच दर्शन के लिए आए श्रद्धालुओं की सुविधा का पूरा ध्यान रखा गया। मंदिर समिति एवं ग्रामीणों की ओर से सभी भक्तों के लिए फलाहारी प्रसादी की व्यापक व्यवस्था की गई थी, जिसके तहत खिचड़ी, साबूदाने की खीर और केले का वितरण किया गया। सुबह से शुरू हुआ दर्शन और प्रसादी वितरण का यह सिलसिला बिना रुके देर शाम तक अनवरत जारी रहा।

Next Post

दक्षिण कोरिया के नियामक ने गूगल, एप्पल को ऐप मार्केट नियमों के उल्लंघन का दोषी पाया

Wed Aug 12 , 2026
सियोल, 12 अगस्त (वार्ता) दक्षिण कोरिया के मीडिया नियामक ने बुधवार को गूगल और एप्पल को देश के दूरसंचार कानून का उल्लंघन करने का दोषी पाया। नियामक ने कहा कि दोनों अमेरिकी प्रौद्योगिकी कंपनियों ने ऐप बाजार में अपनी प्रभावशाली स्थिति का दुरुपयोग किया। सियोल स्थित योनहाप समाचार एजेंसी के […]

You May Like