ऑनलाइन सट्टे के नेटवर्क पर पुलिस का शिकंजा, तीन और गिरफ्तार

इंदौर. राजेंद्र नगर पुलिस ने ड्रग्स तस्करी की जांच के दौरान सामने आए ऑनलाइन सट्टे के नेटवर्क में तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया है. इसके साथ ही मामले में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या नौ हो गई है. पुलिस ने तकनीकी और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई. जांच में सामने आया है कि एक आरोपी ने पिछले कुछ वर्षों में ऑनलाइन गेमिंग में करीब एक करोड़ रुपए लगाए थे.

मामले की शुरुआत एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज प्रकरण की जांच से हुई थी. पहले गिरफ्तार किए गए दो आरोपियों से पूछताछ में मादक पदार्थ नाना पटवारी को सप्लाई किए जाने की बात सामने आई थी. इसके बाद पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ाया तो जमीन धोखाधड़ी के साथ ऑनलाइन गैंबलिंग और सट्टे का नेटवर्क भी सामने आया. पुलिस ने इसके बाद धोखाधड़ी और गैंबलिंग एक्ट के तहत अलग प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की. जांच के दौरान पुलिस ने पहले छह आरोपियों को गिरफ्तार किया था. इसके बाद तकनीकी साक्ष्यों, मोबाइल डेटा और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की पड़ताल में तीन और आरोपियों की भूमिका सामने आई. पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें 14 अगस्त तक पुलिस रिमांड पर लिया है.

करोड़ों के लेनदेन की जांच…

पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपियों में से एक ने पिछले कुछ वर्षों में ऑनलाइन गेमिंग में करीब एक करोड़ रुपए लगाए. इससे पुलिस को अंदेशा है कि ऑनलाइन सट्टे का यह नेटवर्क बड़े पैमाने पर आर्थिक लेनदेन से जुड़ा था. अब पुलिस आरोपियों के बैंक खातों, आर्थिक लेनदेन, मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक डेटा के साथ नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है. पुलिस यह भी जांच कर रही है कि ऑनलाइन सट्टे के नेटवर्क की कड़ियां कहां कहां तक फैली हैं और इसमें किन लोगों की भूमिका रही है. नाना पटवारी सहित अन्य संभावित संलिप्त लोगों से जुड़े पहलुओं की भी जांच की जा रही है. अधिकारियों के मुताबिक जांच आगे बढ़ने के साथ इस मामले में और गिरफ्तारियां हो सकती हैं.

मामले में और गिरफ्तारियां हो सकती है…

तकनीकी और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पूछताछ में ऑनलाइन गेमिंग में बड़ी रकम लगाए जाने की जानकारी सामने आई है. पूरे नेटवर्क, आर्थिक लेनदेन और इससे जुड़े अन्य लोगों की जांच की जा रही है. आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां हो सकती हैं.

नरेंद्र सिंह रावत, डीसीपी

Next Post

पुलिस ने 1 लाख 53 हजार के साथ 15 जुआरी दबोचे

Thu Aug 13 , 2026
अमरवाड़ा। जंगल में बैटरी की रोशनी में जुआ खेल रहे 15 आरोपितों को अमरवाड़ा पुलिस ने घेराबंदी कर रंगे हाथ गिरफ्तार किया। कार्रवाई के दौरान एक आरोपित अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकला। पुलिस ने मौके से नकदी, मोबाइल फोन, ताश के पत्ते और पांच लग्जरी वाहन समेत करीब 60 […]

You May Like