
अमरवाड़ा। जंगल में बैटरी की रोशनी में जुआ खेल रहे 15 आरोपितों को अमरवाड़ा पुलिस ने घेराबंदी कर रंगे हाथ गिरफ्तार किया। कार्रवाई के दौरान एक आरोपित अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकला। पुलिस ने मौके से नकदी, मोबाइल फोन, ताश के पत्ते और पांच लग्जरी वाहन समेत करीब 60 लाख रुपये का मशरूका जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार, 13 अगस्त की रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ लोग जंगल में बैटरी की रोशनी में ताश के पत्तों पर हार-जीत का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना पर थाना प्रभारी के निर्देशन में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर 15 जुआरियों को पकड़ लिया। कार्रवाई के दौरान एक आरोपित अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से 1 लाख 53 हजार 230 रुपये नकद, 52 ताश के पत्ते, एक एक्साइड बैटरी, 10 वाट की एलईडी बल्ब और 10 फीट वायर जब्त किया। इसके अलावा मोटोरोला, सैमसंग, ओप्पो, रियलमी, वीवो, पोको और वनप्लस कंपनी के 13 मोबाइल फोन मिले। पांच वाहनों में महिंद्रा टीयूवी 300, फोर्ड कार, टाटा सफारी, महिंद्रा बोलेरो और महिंद्रा स्कॉर्पियो शामिल हैं।
गिरफ्तार आरोपितों में अमरवाड़ा, चांद, चौड़ई, परासिया सहित नरसिंहपुर जिले के निवासी शामिल हैं। पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ धारा 13 जुआ एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है। गिरफ्तार आरोपितों के विरुद्ध धारा 170 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई कर कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के समक्ष प्रस्तुत किया गया। पुलिस फरार आरोपित की तलाश कर रही है।
