मुंबई, (वार्ता) सूरज पंचोली, सुनील शेट्टी, विवेक ओबेरॉय और आकांक्षा शर्मा अभिनीत फिल्म केसरी वीर: लेजेंड्स ऑफ सोमनाथ का बहुप्रतीक्षित टीजर रिलीज हो गया है।
पीरियड ड्रामा केसरी वीर: लेजेंड्स ऑफ सोमनाथ में सूरज पंचोली को एक गुमनाम योद्धा, वीर हमीरजी गोहिल के रूप में दिखाया गया है, जिन्होंने 14वीं शताब्दी ईस्वी में गुजरात में सोमनाथ मंदिर को बचाने के लिए लड़ाई लड़ी थी।
केसरी वीर: लेजेंड्स ऑफ सोमनाथ के साथ, सूरज पंचोली अपनी हीरो-नेक्स्ट-डोर छवि से अलग हटते हैं और एक ऐतिहासिक भूमिका निभाकर खुद को एक गतिशील अभिनेता के रूप में स्थापित करते हैं।सूरज पंचोली के अलावा, विवेक ओबेरॉय एक खलनायक की भूमिका में हैं, जबकि सुनील शेट्टी मंदिर को बचाने की सूरज की खोज में उनके किरदार का साथ देते हैं।
इस पीरियड ड्रामा में आकांक्षा शर्मा को पेश किया गया है, जो ‘केसरी वीर: लेजेंड्स ऑफ सोमनाथ’ से बॉलीवुड में डेब्यू कर रही हैं। यह फिल्म उन गुमनाम योद्धाओं की कहानी बताती है, जिन्होंने 14वीं शताब्दी ईस्वी में ऐतिहासिक सोमनाथ मंदिर को घुसपैठियों से बचाने के लिए लड़ाई लड़ी और अपने प्राणों की आहुति दे दी।
प्रिंस धीमान निर्देशित और चौहान स्टूडियो के तहत कनु चौहान द्वारा निर्मित, फिल्म केसरी वीर: लेजेंड्स ऑफ सोमनाथ को कई भाषाओं में पूरे भारत में 14 मार्च, को सिनेमाघरों में रिलीज किया जायेगा।