भोपाल, 19 जनवरी (वार्ता) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने आज कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मन की बात कार्यक्रम सभी के लिए प्रेरणादायी है।
डॉ यादव ने प्रधानमंत्री श्री मोदी के लोकप्रिय कार्यक्रम मन की बात के 118वें संस्करण का वाजपेई नगर ईदगाह हिल्स भोपाल स्थित योग केन्द्र में स्थानीय रहवासियों के साथ श्रवण किया। मुख्यमंत्री से सीहोर के अर्जुन अवार्डी खिलाड़ी कपिल परमार ने प्राप्त मेडल के साथ भेंट की। डॉ यादव ने उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू ने कपिल परमार को हाल ही में सम्मानित किया था।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी की मन की बात कार्यक्रम सभी के लिए प्रेरणादायी है। इससे विभिन्न राज्यों में हो रहे नवाचारों और व्यक्तिगत स्तर पर जनसामान्य द्वारा की जा रही पहल की जानकारी प्राप्त होती है। प्रधानमंत्री श्री मोदी द्वारा मन की बात कार्यक्रम में प्रदेश में आरंभ हुए रातापानी टाइगर रिजर्व और ग्वालियर का स्टार्टअप सेंटर के रूप में उल्लेख करने से सभी प्रदेशवासियों को प्रोत्साहन प्राप्त हुआ है।
डॉ यादव ने कहा कि प्रदेश वन्य जीवों की दृष्टि से निरंतर समृद्ध हो रहा है। स्टार्टअप के साथ-साथ युवाओं को कौशल विकास और स्वावलम्बन के अधिक से अधिक अवसर उपलब्ध कराने के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध है। बहन-बेटियों को लाड़ली बहना योजना का लाभ दिलाया जा रहा है। उन्हें उद्योगों में रोजगार दिलाने के लिए भी व्यवस्था की जा रही है। प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में राज्य सरकार गरीब कल्याण के लिए समग्र रूप से कार्य कर रही है। इस अवसर पर भोपाल महापौर मालती राय सहित जन-प्रतिनिधि और नागरिक उपस्थित थे।
