दस लापरवाह अधिकारियों से वसूला गया अर्थदंड

खंडवा। जनसमस्याओं के निराकरण में ढिलाई बरतने वाले सरकारी अमले के खिलाफ खंडवा कलेक्टर ऋषव गुप्ता ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी दंडात्मक कार्रवाई की है। सीएम हेल्पलाइन पोर्टल पर दर्ज शिकायतों को अटेंड न करने और उन्हें नॉट अटेंड की श्रेणी में छोडऩे वाले एल-1 स्तर के कुल 10 अधिकारियों पर 500-500 रुपये का अर्थदंड लगाया गया है। प्रशासन की इस कडक़ कार्रवाई के तहत न केवल जुर्माना ठोंका गया, बल्कि तत्काल प्रभाव से अर्थदंड की राशि भी वसूल ली गई है। उल्लेखनीय है कि इन सभी अधिकारियों को पहले कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया था, लेकिन संतोषप्रद स्पष्टीकरण न मिलने के कारण अंतत: अनुशासनात्मक कार्रवाई की गाज गिरी। कलेक्टर श्री गुप्ता ने दोटूक शब्दों में जिले के समस्त विभाग प्रमुखों को चेतावनी दी है कि जनता की शिकायतों को पोर्टल पर प्राप्त होते ही तुरंत अटेंड किया जाए और निर्धारित समय सीमा के भीतर उनका लिखित जवाब दर्ज हो।

 

इस कार्रवाई की जद में आने वाले प्रमुख नामों में खंडवा ब्लॉक के कृषि अधिकारी दिनेश सोलंकी, मंडी सचिव पंधाना हरेसिंह सोलंकी, हरसूद ब्लॉक के कृषि अधिकारी कृष्णलाल कनासे और छैगांवमाखन के कृषि अधिकारी मंगलेश पटेल शामिल हैं। साथ ही जनपद पंचायत पुनासा के सीईओ अभिषेक त्रिवेदी, बाल विकास परियोजना अधिकारी पंधाना रुपसिंह सिसोदिया, मांधाता तहसीलदार नरेन्द्र मुवेल, मोहना नायब तहसीलदार गजानंद चौहान, अग्रणी जिला बैंक प्रबंधक गणेश तईकर और विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्रीराम भुसारिया से भी जुर्माना वसूला गया है। कलेक्टर ने स्पष्ट कर दिया है कि जनसेवा में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और आने वाले समय में भी ऐसी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

Next Post

धूमधाम से निकला सामुहिक बारात का जुलूस, रामनवमीं पर 21 जोड़ों का नि:शुल्क विवाह

Fri Mar 27 , 2026
ब्यावरा। स्थानीय श्री संकटमोचन वीर हनुमान मंदिर ढकोरा रोड के तत्वावधान में रामनवमीं के अवसर पर 21 जोड़ों का नि:शुल्क विवाह का भव्य आयोजन हुआ. गाजे-बाजे के साथ सामुहिक रुप से बारात का जुलूस निकाला गया. सामाजिक समरसता और जरूरतमंद परिवारों को सहयोग प्रदान करने हेतु यह भव्य आयोजन किया […]

You May Like