जबलपुर: जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर प्रशासन सख्त नजर आ रहा है। जिला कलेक्टर के निर्देश पर गुरुवार को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने सिविक सेंटर स्थित जेडीए बिल्डिंग में निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान दिलखुश रेस्टारेंट में कई गंभीर अनियमितताएं पाई गईं। यहां खुले बर्तनों में भोजन रखा गया था, साथ ही वेज और नॉन-वेज खाद्य पदार्थों को एक साथ संग्रहित किया जा रहा था। इसके अलावा, गंदगी भरे माहौल में भोजन तैयार और संग्रहीत किया जा रहा था।इन खामियों को देखते हुए खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने तत्काल प्रभाव से रेस्टारेंट का खाद्य पंजीयन निलंबित कर दिया। अब यहां भोजन बनाना और बेचना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
वहीं, टीम ने डोसा क्रश का भी निरीक्षण किया, जहां बिना खाद्य पंजीयन के कारोबार संचालित होता पाया गया। इस पर प्रतिष्ठान को तुरंत संचालन बंद करने के निर्देश दिए गए हैं। अब यह रेस्टोरेंट पंजीयन प्राप्त करने के बाद ही दोबारा शुरू हो सकेगा। खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि मिलावट और अस्वच्छता के खिलाफ ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
