सौ दिन के कार्यकाल में रेखा सरकार ने किये हैं 10 महापापः कांग्रेस

नयी दिल्ली 30 मई (वार्ता) दिल्ली प्रदेश कांग्रेस ने शुक्रवार को प्रदेश की रेखा गुप्ता सरकार पर 100 दिन के कार्यकाल के दौरान 10 महापाप करने का आरोप लगाया और कहा कि इसके लिए जनता इन्हें कभी माफ नहीं करेगी।

प्रदेश कांग्रेस के देवेन्द्र यादव ने पार्टी कार्यालय में संवाददाताओं को संबोधित करते हुए कहा कि 27 वर्ष के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने दिल्ली की सत्ता वापसी की है और आज रेखा गुप्ता सरकार के 100 दिन पूरे हो गये, लेकिन इन 100 दिनों में प्रदेश के विकास के कार्यो की बात तो दूर भाजपा सरकार ने इस दौरान 10 महापाप किए हैं जिसके लिए जनता कभी इन्हें माफ नहीं करेगी।

उन्होंने कहा कि दिल्ली की जनता की उम्मीदों की अपेक्षा पर सरकार खरी नहीं उतरी। प्रदेश सरकार महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण, सुरक्षा व्यवस्था, नशे पर काबू पाना, दिल्ली में नालों की सफाई, प्रदूषण से निजात दिलाने में विफल रही। भाजपा सरकार 100 दिनों के दौरान सिर्फ जुमलों की सरकार साबित हुई है।

कांग्रेस नेता ने कहा कि कांग्रेस की शीला दीक्षित सरकार जिस हरी-भरी दिल्ली को छोड़कर गई थी, उसको पूर्व मुख्यमंत्री केजरीवाल ने पहले कार्यकाल में बीमार कर दिया और दूसरे कार्यकाल में गहन चिकित्सा कक्ष (आईसीयू) में पहुचा दिया और अब रेखा गुप्ता सरकार ने मात्र 100 दिनों के कार्यकाल में वेंटिलेटर पर पहुंचा दिया है।

संवाददाता सम्मेलन में श्री यादव के अलावा पूर्व मंत्री हारुन यूसूफ, डॉ. नरेन्द्र नाथ, श्री राजेन्द्र पाल गौतम, कांग्रेस प्रवक्ता डॉ. रागिनी नायक और प्रदेश प्रवक्ता अधिवक्ता सुनील कुमार मौजूद थे।

श्री यादव ने कहा कि रेखा गुप्ता सरकार ने एक लाख करोड़ रुपये के बजट का झूठा ऐलान करने, दिल्ली को सुरक्षित करने की जगह दिल्ली भाजपा अध्यक्ष को जेड-श्रेणी सुरक्षा देने, विधायकों का वेतन बढ़ाने के लिए समिकि का गठन करने, दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) की संपत्तियां बेचने की साजिश करने और बिजली खरीद में भारी घोटाला करने जैसे पाप किये हैं। इसके अलावा प्रदूषण के आंकड़ों में हेराफेरी करने, दंगा आरोपी को कैबिनेट मंत्री बनाने, महिलाओं की मुफ्त यात्रा की सुविधा में छेड़छाड़ करने, काम के नाम पर केवल नाम बदलने की राजनीति करने और गरीबों की रोजी- रोटी छीनने और उनके आशियाने उजाड़ने का महापाप किया है।

उन्होंने कहा कि बड़े दुख और शर्म की बात है कि भाजपा सरकार एक तो दिल्ली के लोगों की उम्मीदों पर खरी नहीं उतरी और दूसरी ओर अपने 100 दिन पूरे होने का जश्न मना रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने एक लाख करोड़ के बजट को मेगा बजट कहकर अपनी पीठ थपथपा रही है, जबकि हकीकत में यह खोखली घोषणा है, क्योंकि इसमें 15,000 करोड़ का कर्ज लेकर दिल्ली पर बोझ बढ़ाया जाएगा और 9,500 करोड़ जनता की खून पसीने की कमाई को कर द्वारा वसूला जाएगा।

कांग्रेस नेता ने कहा कि भाजपा सरकार 400 देवी योजना बसें चलाकर दावा कर रही है कि चरमराई सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को उन्होंने संभालने का काम किया है, लेकिन हकीकत कुछ और है। बड़े दुख की बात है कि इन्होंने अपने 100 के कार्यकाल में 2000 डीटीसी बसों को हटा दिया और डीटीसी को कर्जमुक्त करने के नाम पर बेचने की तैयारी कर रही हैं। डीटीसी में यात्रा करने वाले लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है, क्योंकि बसों के इंतजार में लोगों को धूप, गर्मी और बरसात में घंटों खड़ा होना पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार टैंकरों में जीपीएस लगाकर दावा कर रही है कि उन्होंने समर एक्शन प्लान लाकर झुग्गी कलस्टर आदि की जल व्यवस्था सुधार दी है, जबकि सच्चाई यह है कि दिल्ली को टैंकर माफिया के हवाले छोड़ने की योजना बनाई है और जिस जीपीएस प्रणाली की बात वो कह रही है वह कांग्रेस सरकार की योजना थी।

श्री यादव ने कहा कि भाजपा सरकार जल संकट को सुधारने की बजाय सिर्फ बड़ी-बड़ी बाते कर रही है। दिल्ली को जनसंख्या अनुसार वर्तमान में 1500 एमजीडी पानी की जरुरत है, लेकिन अभी 900 एमजीडी मिल रहा है उसका 58 प्रतिशत लीकेज और चोरी में बर्बाद हो रहा है।

Next Post

तीन नवनियुक्ति न्यायाधीशों ने ग्रहण किया पदभार

Fri May 30 , 2025
  जबलपुर। मध्य प्रदेश हाईकोर्ट के नव नियुक्त न्यायाधीश दीपक खोत, न्यायाधीश अमित सेठ व न्यायाधीश पवन द्विवेदी ने शुक्रवार को पद व गोपनीयता की शपथ ली। हाईकोर्ट के कोर्ट रूम नंबर एक में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश संजीव सचदेवा सहित अन्य न्यायाधीशों मंचासीन रहे। इस […]

You May Like