
ट्रेन के पटरी से उतरने की अफवाह से फैली दहशत
नवभारत न्यूज
सतना . लोकमान्य तिलक टर्मिनस से पटना की ओर जा रही जनता एक्सप्रेस में सवार यात्रियों के बीच उस वक्त हडक़ंप मच गया जब ट्रेन के पटरी से उतर जाने की अफवाह फैल गई. हलांकि लोको पायलट द्वारा की गई जांच में ऐसा कुछ भी नहीं पाया गया. जिसके चलते आगे के लिए रवाना हो गई.
प्राप्त जानकारी के अनुसार लोकमान्य तिलक टर्मिनस पटना जनता एक्सप्रेस ट्रेन मैहर और उचेहरा रेलवे स्टेशन को क्रॉस करते हुए जब आगे बढ़ी तो लगरगवां रेलवे स्टेशन के निकट पहुंचते ही अचानक तेज गडग़ड़ाहट की आवाजें आने लगीं. देखते ही देखते धूल का गुबार उठने लगा और कुछ गिट्टियां भी उछलने लगीं. वहीं कुछ गिट्टियां ट्रेन के निचले हिस्से से टकराने लगीं. यह देखते ही ट्रेन में सवार यात्रियों के बीच यह सोचकर हडक़ंप मच गया कि ट्रेन से पटरी से उतर गई है. यह अफवाह ट्रेन में सवार यात्रियों के बीच आग की तरह फैली और अनहोनी की आशंका के चलते सभी दहशत में आ गए. इस गतरोध को लोको पायलट ने भी भांप लिया. लिहाजा उसने ट्रेन की रफ्तार धीरे कर दी. कुछ दूर जाकर जब ट्रेन रुकी तो लोको पायलट ने नीचे उतर कर इंजन, कोच के निचले और रेल पटरी की जांच की. लेकिन ट्रेन के पटरी से उतरने के रत्ती भर भी संकेत नहीं मिले. लिहाजा कुछ देर बाद ट्रेन को आगे बढ़ाया गया. वहीं ट्रेन जब सतना रेलवे स्टेशन पर पहुंची तो एक बार फिर से जांच की गई. लेकिन वहां पर भी किसी तरह की खामी नजर नहीं आई. लिहाजा ट्रेन को सामान्य तौर पर आगे के गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया. हलांकि घटना के पीछे के वास्तविक कारण तो जांच के बाद ही सामने आ सकेंगे. लेकिन ऑपरेशन से जुड़े कुछ रेल कर्मियों ने बताया कि कभी-कभी ट्रैक पर मौजूद गिट्टी की कुछ मात्रा पहिए और कोच के निचले हिस्से की चपेट में आ जाती है. जिसके चलते तेज गडग़ड़ाहट की आवाज के साथ धूल और गिट्टी के टुकड़ों का उछलना नजर आता है.
