काले तेल में तले जा रहे थे खाद्य पदार्थ, एक फ्रिज में रखे थे शाकाहारी-मांसाहारी भोजन

इंदौर:कहीं जंग लगे बर्तनों में खाद्य पदार्थ तैयार किए जा रहे थे तो कहीं जले हुए काले तेल में उन्हें तला जा रहा था. एक प्रतिष्ठान में शाकाहारी और मांसाहारी खाद्य पदार्थ एक ही गहरे शीतक में रखे मिले. कहीं कच्ची और अखाद्य सामग्री एक साथ रखी थी तो कहीं खुले कूड़ेदान और सफाई की बदहाल व्यवस्था सामने आई. खाद्य सुरक्षा प्रशासन की जांच में सामने आई इन कमियों के बाद शहर के तीन प्रतिष्ठानों के खाद्य लाइसेंस निलंबित कर दिए गए हैं.

कार्रवाई की जद में श्री हरिकृष्ण ग्रुप हेडेली पिज्जा, बिगबास्केट और सोशल इंदौर आए हैं. खाद्य सुरक्षा प्रशासन के अनुसार, तीनों प्रतिष्ठानों के पहले किए गए निरीक्षण में कई कमियां मिली थीं. इन्हें दूर करने के लिए सुधार सूचना पत्र जारी किए गए, लेकिन निर्धारित समय बीतने के बाद भी संतोषजनक जवाब और सुधार नहीं मिलने पर 31 अगस्त को लाइसेंस निलंबित करने के आदेश जारी किए गए. हेडेली पिज्जा के निरीक्षण में प्रशीतक और फर्श पर तिलचट्टे मिले. जंग लगे व गंदे बर्तनों के साथ जले हुए काले तेल में खाद्य पदार्थ तलते पाए गए. रसोई में सफाई और कर्मचारियों की व्यक्तिगत स्वच्छता भी संतोषजनक नहीं थी.

पानी और खाद्य पदार्थों की जांच रिपोर्ट, कीट नियंत्रण अभिलेख तथा कर्मचारियों के स्वास्थ्य प्रमाणपत्र भी उपलब्ध नहीं मिले. सोशल इंदौर में शाकाहारी और मांसाहारी खाद्य पदार्थ एक ही गहरे शीतक में रखे मिले. खुले कूड़ेदान, अव्यवस्थित भंडारण और सफाई की कमी के साथ पानी की जांच रिपोर्ट तथा कर्मचारियों के स्वास्थ्य प्रमाणपत्र नहीं मिले. बिगबास्केट के परिसर में कच्ची और अखाद्य सामग्री साथ रखी मिली तथा भंडारण और सफाई व्यवस्था में कमियां पाई गईं.

कार्रवाई की चेतावनी दी
अनुज्ञापन प्राधिकारी एवं अभिहित अधिकारी माधव प्रसाद हासानी ने खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत तीनों के लाइसेंस निलंबित किए हैं. यह कार्रवाई खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 की धारा 32(2) और खाद्य सुरक्षा एवं मानक नियम, 2011 के नियम 2.1.8(1) के तहत की गई है. प्रतिष्ठानों को कारोबार तत्काल बंद करने और शीघ्र खराब होने वाले खाद्य पदार्थ हटाने के निर्देश दिए गए हैं. नियमों का उल्लंघन करने पर आगे भी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है.

Next Post

मप्र में जुआ-सट्टा कारोबार पर पुलिस का शिकंजा

Tue Sep 1 , 2026
भोपाल: मध्यप्रदेश पुलिस ने अगस्त माह के दौरान अवैध जुआ और सट्टा गतिविधियों के खिलाफ व्यापक अभियान चलाते हुए विभिन्न जिलों में कार्रवाई की। इस दौरान पुलिस ने 1.10 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की नकदी और अन्य संपत्ति जब्त की तथा बड़ी संख्या में आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई […]

You May Like

मनोरंजन