भोपाल: मध्यप्रदेश पुलिस ने अगस्त माह के दौरान अवैध जुआ और सट्टा गतिविधियों के खिलाफ व्यापक अभियान चलाते हुए विभिन्न जिलों में कार्रवाई की। इस दौरान पुलिस ने 1.10 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की नकदी और अन्य संपत्ति जब्त की तथा बड़ी संख्या में आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की।पुलिस ने अपने सूचना तंत्र, निगरानी व्यवस्था और मैदानी कार्रवाई के माध्यम से जुआ फड़ों एवं सट्टा कारोबार से जुड़े ठिकानों को निशाना बनाया। कार्रवाई के दौरान नकदी, मोबाइल फोन, वाहन, लैपटॉप, एटीएम कार्ड, वाई-फाई मॉडम तथा अन्य उपकरण जब्त किए गए।
प्रमुख कार्रवाई में छिंदवाड़ा जिले की अमरवाड़ा पुलिस ने 15 आरोपियों को गिरफ्तार कर करीब 60 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति जब्त की। वहीं बालाघाट जिले की नवगांव पुलिस ने अंतरराज्यीय जुआ नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 14 आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई की और लगभग 38 लाख रुपये की संपत्ति बरामद की।
नर्मदापुरम, विदिशा, उमरिया, दतिया, छतरपुर, झाबुआ, खंडवा, खरगोन, इंदौर, ग्वालियर, गुना, अशोकनगर, उज्जैन, बैतूल, शिवपुरी और सिंगरौली सहित अन्य जिलों में भी अभियान चलाया गया।पुलिस के अनुसार अवैध जुआ और सट्टे पर लगातार कार्रवाई का उद्देश्य इन गतिविधियों पर अंकुश लगाना तथा इनके आर्थिक एवं सामाजिक दुष्परिणामों को रोकना है।
