
सागर। लोकायुक्त पुलिस ने सागर में रिश्वत लेते हुए एक महिला कर्मचारी को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला गांधाली कदम, जो मप्र तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ सागर की अध्यक्ष भी हैं और सांदिपनी स्कूल सागर में एकाउंटेंट के पद पर पदस्थ हैं, पर शिक्षक से एरियर्स की राशि जारी कराने के बदले 2500 रुपए रिश्वत मांगने का आरोप है।
शिकायत मिलने के बाद लोकायुक्त पुलिस ने मामले की जांच की और योजना बनाकर कार्रवाई की। तय प्रक्रिया के तहत आरोपी को रिश्वत की राशि लेते हुए पकड़ा गया। लोकायुक्त टीम ने मौके से रिश्वत की राशि जब्त कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि शिक्षक की लंबित एरियर्स राशि निकलवाने के लिए एकाउंटेंट द्वारा यह राशि मांगी गई थी। लोकायुक्त पुलिस अब मामले में संबंधित दस्तावेजों और अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।