
सीहोर। अल्पवर्षा के चलते खाली रह गए जलस्त्रोतों में मौजूद पानी को शहर की प्यास बुझाने के लिए संरक्षित किया गया है. इसके बाद भी किसान पेयजल की चोरी करने से बाज नहीं आ रहे. शुक्रवार को नपा के अमले ने कलेक्टर के आदेश पर कार्रवाई करते हुए भगवानपुरा तालाब से किसानों की चार मोटर जब्त की.
इस साल मानसून के दगा दे जाने के कारण शहर की प्यास बुझाने वाले भगवानपुरा और जमोनिया तालाब खाली रह गए हैं. आगामी गर्मी के दिनों में शहर में जलसंकट निर्मित न हो इसके लिए इन तालाबों व पार्वती नदी के काहिरी बंधान में उपलब्ध पानी को सिंचाई व अन्य कार्यों के लिए उपयोग किए जाने पर प्रतिबंध लगाया गया है. कलेक्टर द्वारा पानी चोरी रोकने के लिए सख्त हिदायत दी गई है तो पानी चोरों पर भी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं. इसके बाद भी किसान पेयजल के लिए सुरक्षित पानी की चोरी करने से बाज नहीं आ रहे. शुक्रवार को नपा के सहायक यंत्री विजय कोली, उपयंत्री वैभव लोवानिया और नपा के अमले ने भगवानपुरा तालाब का निरीक्षण किया. इस दौरान वहां चार मोटर लगी होने पर उन्हें जब्त करने की कार्रवाई को अंजाम दिया गया. हालांकि किसानों ने विरोध करने का प्रयास किया, लेकिन नपा का अमला मोटर जब्त कर ले आया.
