
सौसर, देश की आन, बान और शान तिरंगे के सम्मान तथा राष्ट्रप्रेम की भावना को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से गुरुवार, 13 अगस्त को सौसर विधानसभा में एक भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। ‘हर घर तिरंगा, हर मन तिरंगा’ और ‘राष्ट्र प्रथम’ के संकल्प के साथ निकाली गई इस यात्रा में विशाल जनसमुदाय उमड़ पड़ा।
*रेमंड चौक से रामाकोना तक गूंजे देशभक्ति के नारे*
तिरंगा यात्रा का शुभारंभ प्रातः 9 बजे रेमंड चौक से हुआ। हाथों में तिरंगा थामे और राष्ट्रभक्ति के जयघोष लगाते हुए जनसमुदाय आगे बढ़ा। यात्रा रेमंड चौक से प्रारंभ होकर बोरगांव, बजाज चौक, सौसर और कूड़डम जोड़ होते हुए रामाकोना पहुँची। पूरे यात्रा मार्ग पर फहराते तिरंगों की लहर और देशभक्ति के गगनभेदी नारों से संपूर्ण वातावरण राष्ट्रप्रेम के रंग में रंग गया।
*तिरंगा हमारी एकता और अखंडता का प्रतीक: संदीप मोहोड*
कार्यक्रम के दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष संदीप मोहोड ने कहा, “तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि भारत की एकता, अखंडता, स्वतंत्रता और करोड़ों भारतीयों के गौरव का प्रतीक है। तिरंगे के नीचे पूरा देश एक है और ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना ही हमारी सबसे बड़ी शक्ति है। इस यात्रा ने क्षेत्रीय नागरिकों में राष्ट्रीय एकता को और अधिक मजबूत करने का कार्य किया है।”
*सराहनीय सहभागिता:*
यात्रा में वरिष्ठ नागरिकों, पूर्व एवं वर्तमान सैनिकों, युवाओं, विद्यार्थियों, मातृशक्ति और बड़ी संख्या में आम नागरिकों ने हिस्सा लेकर देश के प्रति अपने समर्पण का परिचय दिया। रामाकोना पहुँचकर यात्रा का समापन हुआ, जहाँ सभी सहभागियों के लिए सामूहिक भोजन का आयोजन किया गया।
*मोहड़ ने किया आभार व्यक्त*
भाजपा जिला अध्यक्ष संदीप मोहोड ने इस आयोजन को सफल बनाने के लिए सौसर विधानसभा के समस्त नागरिकों, कार्यकर्ताओं, युवाओं, मातृशक्ति, वरिष्ठजनों और सहयोगियों का हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह किसी संगठन विशेष का कार्यक्रम न होकर, तिरंगे के सम्मान से जुड़ा एक सच्चा जन-आयोजन था।
