रातभर आफत बनकर बरसे बदरा, गोविंद गार्डन और कॉलोनियों में जलसैलाब

गुना: जिले में गुरुवार-शुक्रवार की दरम्यानी रात हुई तेज मूसलाधार बारिश ने शहर को पूरी तरह से जलमग्न कर दिया। रातभर हुई भारी बारिश के चलते नदी-नाले उफान पर आ गए, जिससे निचली बस्तियों में पानी घुस गया और सडक़ों पर दो से तीन फुट तक पानी बहता रहा। शहर की सडक़ों से लेकर कॉलोनियों और घरों तक पानी भर गया, जिससे आम जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया। वहीं, बिजली की तेज कडक़ और अंधेरे में भरे पानी ने लोगों में डर और दहशत का माहौल बना दिया।

तेज बारिश का सबसे अधिक असर एबी रोड के नाले पर देखने को मिला, जो भगत सिंह कॉलोनी से नानाखेड़ी की ओर बहता है। भारी बारिश के कारण नाला उफान पर आ गया और पानी पुल के ऊपर से दो से तीन फुट ऊपर तक बहने लगा। पानी का बहाव इतना तेज था कि एबी रोड की नई बनी सडक़ कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त हो गई। नाले का पानी सडक़ पर फैलने के कारण ट्रैफिक बाधित हुआ और आसपास की बस्तियों में भी हालात बिगड़ गए।

मौसम विभाग ने जानकारी दी कि गुना शहर में बीती रात 53.9 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। इसके साथ ही इस वर्ष अब तक कुल 609 मिमी वर्षा दर्ज हो चुकी है, जबकि जिले का औसतन वार्षिक वर्षा आंकड़ा 1200 मिमी है। यानी आधे से अधिक बारिश अब तक हो चुकी है। तेज बारिश के चलते गोविंद गार्डन और आसपास के क्षेत्र सबसे ज्यादा प्रभावित रहे। नाले के अवरुद्ध होने के कारण पानी रुक गया और पूरे क्षेत्र में जलभराव की स्थिति बन गई।

स्थानीय लोगों में प्रशासन को लेकर नाराजगी और आक्रोश दिखाई दिया। मौके पर पहुंची एसडीएम शिवानी पांडे और नगर पालिका की प्रभारी सीएमओ मंजूषा खत्री ने स्थिति का जायजा लिया और जेसीबी मशीन की मदद से जल निकासी के प्रयास शुरू किए। प्रशासनिक टीम ने सबसे पहले एबी रोड पर एक निजी मैरिज गार्डन के पास बने अस्थायी छोटे-छोटे पुलों को तुड़वाकर पानी की निकासी की व्यवस्था बनाई। इसके बाद टीम गोविंद गार्डन पहुंची, जहां पहले से अवरुद्ध नाले को आंशिक रूप से खोला गया था, लेकिन रात की बारिश के बाद पुन: जलजमाव हो गया। यहां भी पानी निकासी के लिए तत्काल कदम उठाए गए।

एसडीएम शिवानी पांडे ने बताया कि गोविंद गार्डन के पास एबी रोड पर डाली गई नई सडक़ बारिश के पानी के चलते पूरी तरह खराब हो गई है। ठेकेदार को निर्देश दिए गए हैं कि वह जल्द ही इसे दोबारा से सही कराए। उन्होंने बताया कि संजोग गार्डन के पास नाले की बजाय छोटी-छोटी पुलियाएं डाल दी गई थीं, जिससे पानी का बहाव रुक गया। अब पीडब्ल्यूडी और नगर पालिका के सहयोग से इस पूरे हिस्से को खोला जा रहा है ताकि भविष्य में इस तरह की स्थिति से बचा जा सके।

एसडीएम ने यह भी बताया कि गोविंद गार्डन के पास एक अवैध कॉलोनी में नाले के ऊपर मकान बनाया गया है। प्रशासन ने पहले इस निर्माण को तोड़ दिया था, लेकिन अब उसे और पूरी तरह हटाया जाएगा ताकि जल बहाव में कोई बाधा न आए। बहरहाल गुना की यह बारिश एक चेतावनी की तरह सामने आई है, जिसने यह साफ कर दिया है कि शहर की जल निकासी व्यवस्था अभी भी पूरी तरह दुरुस्त नहीं है। कई इलाकों में बारिश के कारण आमजन को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा है।

Next Post

प्रतिभाशाली विद्यार्थी योजना: लैपटॉप की राशि का अंतरण

Fri Jul 4 , 2025
भोपाल: मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने आज 12वीं कक्षा में 75% या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले 94,234 विद्यार्थियों को लैपटॉप के लिए प्रत्येक विद्यार्थी ₹25 हजार की प्रोत्साहन राशि का उनके खातों में अंतरण किया। यह राशि लैपटॉप खरीदने में आर्थिक सहायता प्रदान करेगी । जबकि विद्यार्थियों को […]

You May Like

मनोरंजन