
कुमारी शैलजा ने कहा, “उत्तराखंड में भाजपा की भ्रष्ट सरकार है और खरगे जी के कार्यक्रम स्थल का ‘शुद्धिकरण’ किया जाना बेहद शर्मनाक है।” उन्होंने सवाल किया कि इस घटना में शामिल लोगों के खिलाफ अब तक कार्रवाई क्यों नहीं हुई। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से भी इस मामले में जवाब चाहिए, क्योंकि उन्होंने अब तक इस घटना की निंदा तक नहीं की है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा जानबूझकर नफरत फैलाने वाली मानसिकता को बढ़ावा दे रही है। कांग्रेस इसके खिलाफ लगातार आवाज उठाती रहेगी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि 21वीं सदी में इस तरह की घटनाएं होना उत्तराखंड के लिए शर्मनाक है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष खरगे के कार्यक्रम स्थल के ‘शुद्धिकरण’ की घटना की पूरे प्रदेश में निंदा की जाएगी। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड हमेशा भाईचारे और सामाजिक सौहार्द की मिसाल रहा है, लेकिन भाजपा की सोच ने राज्य को शर्मसार किया है। कांग्रेस विधायक दल के नेता यशपाल आर्य ने कहा कि आठ अगस्त को हल्द्वानी में खरगे जी ने जनसभा को संबोधित किया था। इसके बाद भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं द्वारा कार्यक्रम स्थल के कथित ‘शुद्धिकरण’ का प्रयास किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि इस घटना से भाजपा का चेहरा उजागर हुआ है और उत्तराखंड में दलित, कमजोर तथा शोषित वर्गों के साथ अत्याचार हो रहा है। प्रेस वार्ता में मौजूद गुरदीप सप्पल ने कहा कि भाजपा इस तरह की सोच को बढ़ावा दे रही है। उन्होंने सवाल किया कि अब तक इस मामले में कार्रवाई क्यों नहीं हुई और गृह मंत्रालय ने भी कोई कदम क्यों नहीं उठाया।
