
ग्वालियर, हरियाली अमावस्या के पावन अवसर पर ग्वालियर शहर में प्रकृति संरक्षण और राष्ट्रप्रेम का मनोरम संगम देखने को मिलेगा। जिला प्रशासन की पहल पर नगर निगम ग्वालियर द्वारा “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत हरियाली अमावस्या बुधवार 12 अगस्त को प्रातः 8 बजे रमौआ डैम के समीप आगरा-झाँसी बायपास पर नवीन ई-बस स्टेण्ड एवं होटल मेरियट के नजदीक वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया है। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, सामाजिक संस्थाओं, स्वयंसेवी संगठनों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों की सहभागिता से लगभग 5 हजार पौधों का सामूहिक रोपण किया जाएगा।
यह आयोजन केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए हरित और स्वच्छ ग्वालियर की मजबूत नींव रखने का सामूहिक संकल्प बनेगा। “हर पौधा हरियाली का संकल्प, हर पीढ़ी के लिए जीवन” की भावना के साथ नागरिकों को प्रकृति संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
माँ के नाम पौधे, प्रकृति के नाम संकल्प
‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान भावनाओं को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ने वाला जन-अभियान है। माँ जीवन देती है और वृक्ष भी जीवन के लिए आवश्यक प्राणवायु, छाया, फल-फूल और हरियाली प्रदान करते हैं। इसी भाव के साथ कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने नागरिकों से आह्वान किया है कि वे अपनी माँ की स्मृति, सम्मान अथवा स्नेह के प्रतीक के रूप में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाएं और उसे वृक्ष बनने तक सहेजने का संकल्प लें।
कलेक्टर चौहान ने जिले वासियों से अपील की है कि हरियाली अमावस्या के इस पावन अवसर को पर्यावरण संरक्षण के महापर्व के रूप में मनाएं। उन्होंने नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में सहभागी बनने तथा अपने आसपास पौधे लगाने और उनकी देखभाल का संकल्प लेने का आग्रह किया है।
तिरंगे के सम्मान के साथ हरित ग्वालियर का संकल्प
वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम के साथ ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के अंतर्गत भी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। स्वतंत्रता दिवस के राष्ट्रीय पर्व की तैयारियों के बीच यह आयोजन नागरिकों को पर्यावरण संरक्षण के साथ राष्ट्र प्रेम और राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान का संदेश देगा।
कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने जिलेवासियों से आग्रह किया है कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में भी पूरे उत्साह और गौरव के साथ सहभागी बनें। प्रत्येक नागरिक अपने घर, प्रतिष्ठान और कार्यालय पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराए तथा अपने परिवार, पड़ोस और समाज को भी इस अभियान से जोड़े। उन्होंने कहा है कि हम सभी मिलकर एक ओर तिरंगे के सम्मान का संकल्प लें और दूसरी ओर प्रकृति एवं पर्यावरण की रक्षा का दायित्व निभाएं।
