मुंबई, 11 अगस्त (वार्ता) कच्चे तेल में तेजी से मंगलवार को रुपये में लगातार दूसरे दिन गिरावट देखी गयी।
अंतरबैंकिंग मुद्रा बाजार में रुपया पांच पैसे कमजोर हुआ और कारोबार की समाप्ति पर एक डॉलर 95.36 रुपये का बोला गया।
पिछले कारोबारी दिवस पर भारतीय मुद्रा 13 पैसे लुढ़ककर 95.31 रुपये प्रति डॉलर पर बंद हुई थी।
रुपये की शुरुआत आठ पैसे नीचे 95.39 रुपये प्रति डॉलर पर हुई। दिन भर यह सीमित दायरे में रहा। बीच कारोबार में नीचे 95.45 रुपये प्रति डॉलर तक टूटने के बाद कारोबार की समाप्ति पर 95.36 रुपये प्रति डॉलर तक मजबूत हुआ और फिर उसी स्तर पर बंद हुआ।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चा तेल आज बढ़त में रहा। लंदन का ब्रेंट क्रूड वायदा 0.3 प्रतिशत चढ़कर 88 डॉलर प्रति बैरल के पास पहुंच गया। इससे भारतीय मुद्रा दबाव में आ गयी।
वहीं, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफपीआई) के भारतीय पूंजी बाजार में लिवाल रहने से रुपये की गिरावट सीमित रही। एफपीआई ने आज भारतीय पूंजी बाजार में 42.34 करोड़ डॉलर का शुद्ध निवेश किया।
