एयर इंडिया सैट्स ने कॉनकोर एयर के साथ कार्गो की आवाजाही तेज करने के लिए किया करार

नयी दिल्ली, 11 अगस्त (वार्ता) एयर इंडिया सैट्स एयरपोर्ट सर्विसेज (एआईसैट्स) ने कॉनकोर के दादरी स्थित इनलैंड कंटेनर डिपो (आईसीडी) से कार्गो की आवाजाही को और गति प्रदान करने के लिए कॉनकोर एयर लिमिटेड के साथ एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किया है।

इसका उद्देश्य दादरी आईसीडी से सीमा शुल्क द्वारा क्लियर किये गये ट्रांसशिपमेंट कार्गो की एआईसैट्स के नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर स्थित अंतरराष्ट्रीय कार्गो टर्मिनल तक निर्बाध आवाजाही और हैंडलिंग को सुगम बनाना है, ताकि इसे आगे विदेश भेजा जा सके। एआईसैट्स ने मंगलवार को बताया कि इससे देश के अंदर स्थित सुविधाओं से अंतरराष्ट्रीय माल परिवहन कार्गो तक जाने वाले कार्गो के लिए अधिक कुशल और एकीकृत मार्ग तैयार किया जायेगा।

एआईसैट्स के निदेशक बॉब शी ने कहा, “भारत अपने लॉजिस्टिक्स और एयर कार्गो इकोसिस्टम के विकास में एक महत्वपूर्ण परिवर्तन के दौर से गुजर रहा है। जैसे-जैसे वैश्विक व्यापार की मात्रा बढ़ रही है, आपूर्ति श्रृंखला समय के प्रति अधिक संवेदनशील होती जा रही है और देश से आने-जाने वाले एयर कार्गो की मात्रा बढ़ रही है। भारत के विमानन पारितंत्र के पास दुनिया के सबसे तेजी से बढ़ते एविएशन फ्रेट बाजारों में से एक के रूप में काफी संभावनाएं हैं। एआईसैट्स और कॉनकोर एयर के बीच यह सहयोग एक अधिक जुड़ा हुआ लॉजिस्टिक्स नेटवर्क बनाने की दिशा में एक कदम है।”

कॉनकोर एयर के मुख्य कार्यकारी अधिकारी नर्मदेश्वर झा ने कहा, “यह सहयोग भारत के निर्यात-आयात व्यापार के लिए इनलैंड-टू-एयर लॉजिस्टिक्स श्रृंखला को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। दादरी स्थित हमारे कंटेनर डिपो और नोएडा स्थित अंतरराष्ट्रीय गेटवे के बीच की दूरी को कम करके हम निर्यातकों और शिपर्स को सीमा शुल्क से क्लियर किये गये कार्गो के लिए अधिक तेज और विश्वसनीय मार्ग उपलब्ध कराने में सक्षम होंगे। जैसे-जैसे देश का लॉजिस्टिक्स अवसंरचना विस्तार कर रहा है, इस तरह की साझेदारियां उस गति और विश्वसनीयता को विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी, जिसकी हमारे ग्राहक अपेक्षा करते हैं।”

.....

Next Post

शिक्षक पर जानलेवा हमला, इलाज के दौरान मौत, गढ़ाघाट पेट्रोल पंप के पास रोककर मारपीट का आरोप

Tue Aug 11 , 2026
ललितपुर। थाना कोतवाली क्षेत्र में स्कूल से घर लौट रहे एक शिक्षक पर कथित रूप से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। गढ़ाघाट पेट्रोल पंप के पास हुई मारपीट में सिर पर पत्थर लगने से गंभीर रूप से घायल शिक्षक को जिला अस्पताल से मेडिकल कॉलेज झांसी […]

You May Like