शिक्षक पर जानलेवा हमला, इलाज के दौरान मौत, गढ़ाघाट पेट्रोल पंप के पास रोककर मारपीट का आरोप

ललितपुर। थाना कोतवाली क्षेत्र में स्कूल से घर लौट रहे एक शिक्षक पर कथित रूप से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। गढ़ाघाट पेट्रोल पंप के पास हुई मारपीट में सिर पर पत्थर लगने से गंभीर रूप से घायल शिक्षक को जिला अस्पताल से मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर किया गया था, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घटना में शामिल आरोपी और मृतक आपस में रिश्तेदार हैं। गौरा निवासी केहर सिंह पुत्र सागर सिंह ने कोतवाली पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके बहनोई झरकौन निवासी अभय सिंह पुत्र मगन सिंह कचनौंदा कला स्कूल में अध्यापक थे। 10 अगस्त 2026 को दोपहर करीब 2.50 बजे अभय सिंह स्कूल में पढ़ाने के बाद अपनी पुत्री भाग्यश्री और स्कूल के ही अन्य शिक्षक महिपाल के साथ घर लौट रहे थे। आरोप है कि गढ़ाघाट पेट्रोल पंप के पास पहले से घात लगाए कुछ लोगों ने उनका रास्ता रोक लिया और रुपये की मांग की। रुपये देने से इनकार करने पर आरोपियों ने अभय सिंह के साथ गाली-गलौज करते हुए लात-घूंसों से मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान अभय सिंह की बेटी भाग्यश्री ने शोर मचाते हुए बीच-बचाव का प्रयास किया तो आरोपियों ने उसके साथ भी मारपीट की। तहरीर के मुताबिक, मारपीट के दौरान हमलावरों ने अभय सिंह के सिर पर पत्थर से वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़े। राहगीरों के हस्तक्षेप करने पर आरोपी मौके से भाग निकले। इस दौरान आरोपियों की पिकअप वाहन संख्या एमपी-09 जीजी-2984 मौके पर ही छूट गई। घटना के बाद साथी शिक्षक महिपाल घायल अभय सिंह को उपचार के लिए जिला अस्पताल ललितपुर लेकर पहुंचे। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर कर दिया। पुलिस के अनुसार दौराने उपचार अभय सिंह की मृत्यु हो गई। शिकायत के आधार पर कोतवाली पुलिस ने सात नामजद आरोपियों और एक अज्ञात के खिलाफ बीएनएस की धारा 191(2), 119(1), 352, 115(2), 110 और 126(2) के तहत अभियोग पंजीकृत किया है। नामजद आरोपियों में ग्राम झरकौन निवासी तुलसी पुत्र जोरावल, चंदन पुत्र जोरावल, मोर सिंह पुत्र जोरावल, मनोहर पुत्र जोरावल, मध्य प्रदेश के अशोकनगर जिले के थाना सहराई क्षेत्र के ग्राम ठाठखेड़ी निवासी राजेश पुत्र रामदास और देवेंद्र पुत्र रामदास शामिल हैं। मामले में एक अन्य अज्ञात व्यक्ति को भी आरोपी बनाया गया है। क्षेत्राधिकारी सदर अजय कुमार के अनुसार 10 अगस्त को कोतवाली क्षेत्र के ग्राम खोखरा में अभय सिंह के साथ मारपीट की सूचना मिली थी। सूचना पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घायल को जिला अस्पताल भेजा गया, जहां से उन्हें मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर किया गया। उपचार के दौरान अभय सिंह की मृत्यु हो गई। सीओ सदर ने बताया कि पुलिस की जांच में यह तथ्य सामने आया है कि दोनों पक्ष आपस में रिश्तेदार हैं और अभय सिंह के साथ उनके जीजा के पारिवारिकजनों द्वारा मारपीट की घटना कारित की गई। मामले में सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Next Post

मप्र कांग्रेस पीएसी बैठक: युवाओं, किसानों और ओबीसी अधिकारों के लिए तेज होगा प्रदेश व्यापी आंदोलन

Tue Aug 11 , 2026
भोपाल। मध्यप्रदेश कांग्रेस की पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी (PAC) की मंगलवार को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में करीब पांच घंटे तक चली महत्वपूर्ण बैठक में प्रदेश की राजनीतिक परिस्थितियों, संगठन की रणनीति और जनहित से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। बैठक में आगामी कार्यक्रमों और प्रदेशव्यापी आंदोलनों की रूपरेखा […]

You May Like

Play sound