श्योपुर: कांग्रेस प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन का राज्यसभा नामांकन फॉर्म निरस्त होने के विरोध में श्योपुर में युवा कांग्रेस ने उग्र प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने जय स्तंभ चौक पर एकत्र होकर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन किया। स्थिति को काबू में करने और आग को बढ़ने से रोकने के लिए वहां मौजूद पुलिस ने फायर ब्रिगेड की मदद से पानी की बौछार कर दी। प्रदर्शन स्थल पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने लोकतांत्रिक मूल्यों की हत्या और चुनाव प्रक्रिया में भेदभाव करने का आरोप लगाते हुए जमकर नारेबाजी की। नेताओं ने निष्पक्ष चुनाव कराने की मांग की और कहा कि लोकतंत्र को बचाने के लिए उनका यह आंदोलन आगे भी जारी रहेगा।
पुतला दहन के दौरान मची अफरा-तफरी
जब युवा कांग्रेस कार्यकर्ता पुतले में आग लगा रहे थे, तब स्थिति को काबू में करने और आग को बढ़ने से रोकने के लिए वहां मौजूद पुलिस ने फायर ब्रिगेड की मदद से पानी की बौछार कर दी। इस कार्रवाई के दौरान प्रदर्शन स्थल पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया, हालांकि बाद में हालात सामान्य हो गए।
इस प्रदर्शन में पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष दौलतराम गुप्ता, कांग्रेस संगठन मंत्री संजय कुशवाहा, अशोक, बाबू खान, कृष्णा राठौर, जैस्मिन, राम मिलन मीना और अरविंद जाट सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस और युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता शामिल हुए।
