शिवपुरी: जिले के दिनारा स्थित एक निजी कॉलेज में बी-फार्मा की परीक्षा देने गए छात्र का शव फंदे पर मिला है। मृतक 25 वर्षीय संजू राजा परमार मूल रूप से दतिया जिले के नौनेर क्षेत्र का रहने वाला था। पुलिस ने परिजनों की सूचना पर आधी रात कॉलेज के निर्माणाधीन भवन से शव बरामद किया। परिजनों ने कॉलेज में ही कुछ लोगों से विवाद होने का आरोप लगाया है।
दतिया जिले के ग्राम काम्हर निवासी हिरेंद्र सिंह परमार का बेटा संजू राजा परमार शुक्रवार सुबह परीक्षा देने शिवपुरी गया था। वह दिनारा स्थित प्रीति ग्लोबल यूनिवर्सिटी में बी-फार्मा आठवें सेमेस्टर का छात्र था।परिजनों के अनुसार, जब संजू परीक्षा देने के बाद देर रात तक वापस नहीं लौटा, तो उन्हें चिंता हुई और उसकी तलाश शुरू की गई। इसके बाद परिवार के लोग दिनारा थाना पुलिस को लेकर कॉलेज परिसर पहुंचे और वहां सघन खोजबीन की गई।
देर रात कॉलेज परिसर में तलाशी के दौरान पुलिस और परिजनों को नए निर्माणाधीन भवन की छत पर संजू का शव मिला। उसका शव वहां रखी एक लकड़ी की सीढ़ी के सहारे फंदे से लटक रहा था।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर शव को फंदे से उतारा और उसे अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना करने के बाद जांच शुरू कर दी है। छात्र की मौत के बाद परिजनों ने आरोप लगाया है कि संजू का कॉलेज में ही कुछ लोगों के साथ विवाद हुआ था, जिसके चलते यह घटना हुई। दूसरी तरफ, कॉलेज स्टाफ ने पुलिस को बताया है कि संजू दोपहर करीब 12 बजे परीक्षा खत्म होने के बाद कॉलेज से घर के लिए निकल गया था।
