
रीवा, गढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मॉल में रविवार शाम एक दर्दनाक हादसे में दो मासूम बच्चों की पानी से भरे गड्ढे में गिरने से मौत हो गई. घटना के बाद गांव में मातम का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.जानकारी के अनुसार घटना 9 अगस्त की शाम करीब 4 बजे की बताई जा रही है. दोनों बच्चे कुछ समय के लिए घर से बाहर थे. जब काफी देर तक दोनों दिखाई नहीं दिए तो परिजनों ने उनकी आसपास तलाश शुरू की. इसी दौरान गांव के आसपास स्थित पानी से भरे गड्ढों में भी बच्चों की तलाश की गई.
बताया गया कि तलाश के दौरान दोनों बच्चे पानी से भरे गड्ढे में मिले. हादसे की सूचना तत्काल परिजनों और पुलिस को दी गई. मृत बच्चों की पहचान आयुष पटेल उम्र 8 वर्ष और अंशिका पटेल उम्र 7 वर्ष, दोनों निवासी ग्राम मॉल पिता जीवनलाल पटेल के रूप में हुई है. घटना की जानकारी 10 अगस्त की सुबह गढ़ थाने में दी गई, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जानकारी जुटाते हुए घटना के संबंध में आवश्यक कार्रवाई शुरू की. बच्चों के चाचा सुनील पटेल ने बताया कि 9 अगस्त की शाम करीब 4 बजे जब दोनों बच्चे आसपास कहीं दिखाई नहीं दिए तो परिवार के लोगों ने उनकी तलाश शुरू की. आसपास के संभावित स्थानों पर खोजबीन के दौरान पानी से भरे गड्ढों में भी तलाश की गई, जहां दोनों मासूमों के मिलने से परिवार में चीख-पुकार मच गई.
