रीवा: शहर में आवारा मवेशियों के कारण यातायात बाधित होने तथा सडक़ दुर्घटनाओं की संभावनाओं को देखते हुए विशेष अभियान के तहत प्रमुख मार्गों एवं व्यस्त क्षेत्रों में रात्रिकालीन अभियान चलाकर आवारा मवेशियों को पकडक़र सुरक्षित लक्ष्मण बाग गौशाला भेजा जा रहा है. बोदा रोड से न्यू बस स्टैण्ड तक 15 मवेशी, अस्पताल चैराहा के पास 11 मवेशियों को रात्रिकालीन अभियान के दौरान पकड़ा गया एवं एजी कालेज से रेल्वे ओवरब्रिज तक विशेष अभियान चलाकर सडक़ पर विचरण कर रहे 13 आवारा मवेशियों को पकड़ा गया तथा सभी मवेशियों को सुरक्षित तरीके से वाहन के माध्यम से लक्ष्मण बाग गौशाला पहुंचाया गया. जहां उनके चारे, पानी एवं देखभाल की समुचित व्यवस्था की गई है.
अभियान के दौरान निगम की टीम ने यातायात प्रभावित करने वाले स्थानों पर विशेष निगरानी रखते हुए कार्रवाई की, जिससे मार्गों पर आवागमन अधिक सुरक्षित एवं सुगम बनाने का प्रयास किया गया. निगम आयुक्त अक्षत जैन ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि शहर के प्रमुख चैराहों, बाजार क्षेत्रों तथा भीड़भाड़ वाले स्थानों पर नियमित रूप से आवारा मवेशियों के विरुद्ध अभियान चलाकर उन्हें गौशाला भेजा जाए. सडक़ पर विचरण करने वाले आवारा मवेशी आम नागरिकों के लिए दुर्घटना का कारण बन सकते हैं. इसे देखते हुए प्राथमिकता के आधार पर उन्हें सुरक्षित गौशाला भेजा जाए
