
सिंगरौली । स्वाधीनता दिवस के अवसर पर जिले में देशभक्ति एवं राष्ट्रीय एकता की भावना को और अधिक सुदृढ़ करने के उद्देश्य से संचालित हर घर तिरंगा अभियान की तैयारियों की समीक्षा जिले की प्रभारी मंत्री एवं म.प्र. शासन की लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री संपतिया उईके ने सूर्या भवन, एनटीपीसी में आयोजित बैठक में की।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान को जिले में व्यापक जनभागीदारी एवं पूरी गरिमा के साथ आयोजित किया जाए। अभियान के दौरान तिरंगा रैलियों सहित विभिन्न देशभक्ति कार्यक्रमों का आयोजन कर आम नागरिकों को राष्ट्रप्रेम एवं राष्ट्रीय एकता की भावना से जोड़ा जाए। उन्होंने कहा कि जिले के प्रत्येक घर में तिरंगा फहराने के लिए नागरिकों को प्रेरित किया जाए तथा अभियान को जन-जन का अभियान बनाया जाए। प्रभारी मंत्री ने हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत आयोजित होने वाले कार्यक्रमों के संबंध में उपखंड अधिकारियों एवं एसडीओपी पुलिस को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में संबंधित जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर तिरंगा रैली के समय एवं मार्ग का निर्धारण सुनिश्चित करें। वहीं बैठक के प्रारंभ में कलेक्टर गौरव बैनल ने प्रभारी मंत्री संपतिया उईके सहित उपस्थित जनप्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए हर घर तिरंगा अभियान की तैयारियों की जानकारी दी। बैठक के दौरान सिंगरौली विधायक राम निवास शाह, देवसर विधायक राजेन्द्र मेश्राम, सिहावल विधायक विश्वामित्र पाठक, धौहनी विधायक कुंवर सिंह टेकाम, ननि अध्यक्ष देवेश पाण्डेय, कलेक्टर गौरव बैनल, एसपी सियाज केएम, जिपं सीईओ जगदीश गोमे, भाजपा जिलाध्यक्ष सुन्दर लाल शाह, जनपद अध्यक्ष देवसर प्रणव पाठक सहित संबंधित जिलाधिकारी मौजूद रहे।
