इंदौर: कनाड़िया थाना क्षेत्र में एक महिला साइबर ठगी का शिकार हो गई। अज्ञात साइबर ठग ने पीड़िता के मोबाइल में धोखाधड़ी से एक फर्जी एप्लिकेशन इंस्टॉल करवाकर उनका फोन हैक कर लिया और बैंक ऑफ इंडिया के खाते से यूपीआई ट्रांजेक्शन के माध्यम से करीब 1 लाख रुपये पार कर दिएपुलिस के अनुसार, आलोक नगर स्थित फ्लैट में रहने वाली प्रज्ञा पवार (भट्ट) ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है।
पीड़िता ने बताया कि अज्ञात व्यक्ति ने झांसा देकर उनके मोबाइल में ‘EMAIL WEB’ नाम का एक संदिग्ध एप्लिकेशन इंस्टॉल करवा दिया। एप्लिकेशन इंस्टॉल होते ही उनका मोबाइल फोन हैक हो गया। इसके बाद जालसाज ने उनके बैंक ऑफ इंडिया के खाते से अलग-अलग यूपीआई ट्रांजेक्शन कर कुल 99 हजार 996 रुपये की राशि निकाल ली।खाते से अचानक पैसे कटने का मैसेज मिलते ही पीड़िता के होश उड़ गए। उन्होंने तुरंत बैंक ऑफ इंडिया के टोल-फ्री नंबर पर संपर्क कर खाता ब्लॉक करवाया और राष्ट्रीय साइबर क्राइम हेल्पलाइन पोर्टल 1930 पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई, जिस पर ई-जीरो एफआईआर दर्ज की गई। इसके बाद फरियादिया ने कनाड़िया थाने पहुंचकर घटना की लिखित जानकारी दी और बताया कि धोखाधड़ी फोन हैक कर फर्जी ऐप के माध्यम से की गई है। कनाड़िया थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर साइबर सेल की मदद से तकनीकी जांच शुरू कर दी है।
