सिंगरौली: सरई थाना क्षेत्र अंतर्गत बरका चौकी के गन्नई गांव में शनिवार अलसुबह सड़क किनारे एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव ग्राम पंचायत भवन के समीप झुरही-सरई मार्ग के किनारे पड़ा मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
मृतक की पहचान सीता प्रताप सिंह पिता दशई सिंह, निवासी झुरहानार, पंचायत पोखरीटोला के रूप में बताई गई है। मृतक की उम्र करीब 25 वर्ष बताई जा रही है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आशंका जताई जा रही है कि युवक की किसी अन्य स्थान पर हत्या करने के बाद शव को हाईवा वाहन से अलसुबह करीब 5 बजे सड़क किनारे लाकर फेंका गया होगा। हालांकि हत्या की वास्तविक वजह और घटनास्थल को लेकर पुलिस की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
स्थल पर पूर्व मंत्री वंशमणी प्रसाद वर्मा सहित कांग्रेस के नेता स्थल पर पहुंचे जहाँ एसडीओपी सहित पुलिस अमला स्थल पर मौजूद रहा
घटना की सूचना के बाद पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू की। पुलिस आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य संभावित साक्ष्यों की भी जांच कर रही है। घटना को लेकर ग्रामीणों में भी तरह-तरह की चर्चाएं हैं।
पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही युवक की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा
