नयी दिल्ली, 07 अगस्त (वार्ता) महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने यहां शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की।
सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी ने देश भर की राजनीतिक स्थिति की समीक्षा के लिए एनडीए के घटक दलों के नेताओं के साथ चल रही चर्चाओं के बीच श्री शिंदे को दिल्ली बुलाया। बैठक के दौरान पीएम मोदी ने महाराष्ट्र के राजनीतिक हालात की समीक्षा की और श्री शिंदे से जानकारी ली। इसके बाद प्रधानमंत्री ने शिवसेना (यूबीटी) छोड़कर शिंदे गुट में शामिल हुए छह बागी सांसदों से भी मुलाकात की और उनका आत्मविश्वास बढ़ाते हुए निर्वाचन क्षेत्रों में विकास कार्यों पर ध्यान केंद्रित करने की सलाह दी।
श्री मोदी और श्री शिंदे की इस बैठक में इन बागी सांसदों के संसदीय क्षेत्रों में विकास कार्यों, महाराष्ट्र में आगामी मंत्रिमंडल विस्तार और राज्य के विकास कार्यों पर चर्चा हुई। सूत्रों ने यह भी बताया कि केंद्रीय मंत्रिमंडल के संभावित विस्तार और उसमें शिवसेना की बढ़ती ताकत के आधार पर उनकी बढ़ी हुई भूमिका तथा श्री शिंदे के बेटे श्रीकांत शिंदे को केंद्रीय मंत्री बनाए जाने की संभावना पर भी बातचीत हुई।
गौरतलब है कि श्री शिंदे सतारा जिले में स्थित अपने पैतृक गांव दारे के तीन दिवसीय दौरे पर गए थे, जिसे वे अचानक बीच में ही छोड़कर अगले दिन दिल्ली के लिए रवाना हो गए थे। हाल ही में शिवसेना (यूबीटी) के छह बागी सांसदों ने शिंदे गुट का दामन थामा था।
पीएम मोदी से मुलाकात के बाद श्री शिंदे ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि उनके क्षेत्रों में किए जाने वाले विकास कार्यों पर चर्चा हुई है, जिससे केंद्र और राज्य दोनों सरकारों को फायदा होगा। शिंदे ने सभी राजनीतिक दलों से महत्वपूर्ण विधेयकों को पारित कराने में सहयोग करने का आग्रह किया और कहा कि संसद को राजनीतिक कारणों से बंधक नहीं बनाया जाना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि हर नागरिक को निष्पक्ष और समान प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने के लिए निर्वाचन क्षेत्रों का परिसीमन एक आवश्यक लोकतांत्रिक प्रक्रिया है।
