जनसमस्याओं का हो त्वरित समाधान: शीलेन्द्र

सीधी :हर व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचे और जन समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाय। यह बातें आज मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत रीवा संभाग के कमिश्नर शीलेन्द्र सिंह ने रामपुर नैकिन विकासखंड के ग्राम बुढग़ौना में आयोजित जनसंवाद शिविर में कही। इस दौरान कलेक्टर विकास मिश्रा भी उपस्थित रहे।कमिश्नर ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं एवं शिकायतें सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को सभी प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध एवं संतोषजनक निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने मौके पर आयोजित स्वास्थ्य शिविर का अवलोकन कर स्वास्थ्य सेवाओं एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की विस्तृत समीक्षा की। कमिश्नर ने कहा कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान का उद्देश्य केवल शिकायतों का निराकरण करना नहीं बल्कि शासन और जनता के बीच विश्वास को और अधिक सुदृढ़ करना है।

सिकल सेल स्क्रीनिंग की अपेक्षाकृत कम प्रगति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कमिश्नर ने निर्देश दिए कि विशेष टीमों का गठन कर अभियान चलाया जाए तथा लक्षित समूह के प्रत्येक व्यक्ति की शत-प्रतिशत स्क्रीनिंग सुनिश्चित की जाए। महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा के दौरान श्री सिंह ने पीएम मातृ वंदना योजना से संबंधित लंबित शिकायतों पर अप्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने बघवार स्थित शास. उचित मूल्य दुकान का निरीक्षण कर सार्वजनिक वितरण प्रणाली की समीक्षा की तथा कहा कि शासन के निर्देशानुसार अगस्त एवं सितंबर दोनों माह का खाद्यान्न हितग्राहियों को वितरित किया जाना है। निर्देश दिए कि सभी उचित मूल्य दुकानों में खाद्यान्न का उठाव 15 अगस्त के पूर्व अनिवार्य रूप से सुनिश्चित किया जाए।

ग्रामीण स्वच्छता अभियान को मिलेगी नई गति
कमिश्नर ने वॉश ऑन व्हील पहल की समीक्षा करते हुए इसे ग्रामीण क्षेत्रों में प्रभावी ढंग से क्रियान्वित करने के निर्देश दिए। कहा कि सभी शासकीय संस्थानों, विद्यालयों, आंगनवाड़ी केंद्रों, पंचायत भवनों एवं सामुदायिक शौचालयों की नियमित सफाई इसी पहल के माध्यम से सुनिश्चित की जाए।
मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाने अपनाएं लक्षित रणनीति
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान कमिश्नर ने मातृ मृत्यु दर एवं शिशु मृत्यु दर में प्रभावी कमी लाने के लिए लक्षित एप्रोच के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विशेष अभियान चलाकर सभी गर्भवती महिलाओं का शत-प्रतिशत पंजीयन एवं समय पर एएनसी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा, ‘‘प्रत्येक मां की जिंदगी हमारे लिए महत्वपूर्ण है। ऐसी एक भी मातृ मृत्यु नहीं होनी चाहिए, जिसे हम रोकने में सक्षम हों।’’

Next Post

मुख्य अभियंता ने राजस्व वसूली एवं बिजली आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा की

Fri Aug 7 , 2026
सीधी : मध्यप्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी, रीवा की मुख्य अभियंता प्रमा पांडे ने सीधी वृत्त कार्यालय में सीधी वृत्त के सभी कार्यालय प्रमुखों, सहायक अभियंताओं एवं वितरण केंद्र प्रभारियों की बैठक लेकर राजस्व वसूली एवं विद्युत आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा की। बैठक में राजस्व वसूली, बिलिंग एवं कलेक्शन […]

You May Like