सिंगरौली:देवसर जियावन थाना अंतर्गत कूंदवार चौकी क्षेत्र के ग्राम कुर्सा भाट टोला में एक 60 वर्षीय वृद्ध की तालाब में डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान राजमणि कोरी (60 वर्ष) के रूप में हुई है। फिलहाल मौत के कारणों का पता नहीं चल सका है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार 6 अगस्त को दोपहर करीब 2 बजे के बाद राजमणि कोरी लापता हो गए थे। परिजनों ने उनकी देर शाम तक तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। सूचना मिलने पर पुलिस भी खोजबीन में जुटी रही।
शुक्रवार सुबह करीब 4 बजे ग्रामीणों ने तालाब में एक शव तैरता हुआ देखा। इसकी सूचना तत्काल परिजनों और पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर पंचनामा कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवसर भेज दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही कांग्रेस मीडिया प्रभारी अनिल प्रजापति भी घटनास्थल पहुंचे और शोकाकुल परिजनों को ढांढस बंधाया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
