जबलपुर: हनुमानताल थाना अंतर्गत खाई मोहल्ला में एक नवविवाहिता ने पति की रोज-रोज की प्रताड़ना, मारपीट और जुए की लत से तंग आकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। पुलिस ने मर्ग जांच के बाद आरोपी पति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। नगर पुलिस अधीक्षक गोहलपुर उदयभान बागरी के अनुसार, 27 जून 2026 की रात करीब 12:35 बजे की नकुल धुर्वे (23) निवासी खाई मोहल्ला ने पुलिस को सूचना दी थी कि वह खाना खाने के बाद अपनी पत्नी स्नेहा सोनकर (22) को बुलाने किराये के कमरे में गया था। अंदर से दरवाजा बंद था और कूलर लगा हुआ था। जब उसने दरवाजा खोलकर कूलर खिसकाया और अंदर गया, तो देखा कि स्नेहा लकड़ी की बल्ली से लटके पंखे पर चुनरी का फंदा बनाकर झूल रही थी। उसे तुरंत नीचे उतारा गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मर्ग कायम किया था।
जुए में उड़ाता था पैसे, करता था मारपीट
मर्ग जांच के दौरान हनुमानताल पुलिस ने मृतिका स्नेहा के माता-पिता और भाई के बयान दर्ज किए। परिजनों ने रोंगटे खड़े करने वाले खुलासे किए। उन्होंने बताया कि शादी के बाद से ही नकुल सुर्वे स्नेहा को बुरी तरह प्रताड़ित कर रहा था। नकुल को शराब और जुए की लत थी। वह आए दिन जुए में पैसे उड़ा देता था और घर खर्च के लिए एक रुपया भी नहीं देता था। जब स्नेहा विरोध करती, तो वह शराब पीकर उसके साथ बर्बरता से मारपीट करता था। इसी मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना से तंग आकर मृतिका ने आत्मघाती कदम उठाया था। सीएसपी गोहलपुर ने बताया कि आरोपी पति नकुल सुर्वे के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर लिया है।
