जबलपुर: जीवनसाथी की तलाश में शादी डॉट कॉम पर बायोडाटा अपलोड करने वाली एक युवती को शातिर ठग ने अपनी जालसाजी का शिकार बना लिया। खुद को इंग्लैंड का निवासी बताने वाले ठग और फर्जी सीबीआई अधिकारी ने मिलकर युवती से 1 लाख रुपये की ठगी कर ली। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली पुलिस के अनुसार, न्यू कॉलोनी चेरीताल निवासी 32 वर्षीय रिंकी अहिरवार एक प्राइवेट कॉस्मेटिक कंपनी में काम करती है।
उसने विवाह के लिए वैवाहिक वेबसाइट शादी डॉट कॉम पर अपना बायोडाटा दर्ज किया था। उसके मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आया। फोन करने वाले ने अपना नाम आदित्य राय बताया और कहा कि वह इंग्लैंड में रहता है और उससे शादी के सिलसिले में बात करना चाहता है। इसके बाद दोनों के बीच व्हाट्सएप पर नियमित बातचीत होने लगी।
लंदन से भेजा है कीमती पार्सल, जाल में फंसी युवती आदित्य राय ने युवती को पूरी तरह अपने विश्वास में ले लिया। कुछ दिनों बाद उसने युवती को बताया कि उसने लंदन से उसके लिए एक बेहद कीमती पार्सल भेजा है। युवती इस बात से अनजान थी कि यह एक सोची-समझी साजिश का हिस्सा है और वह पार्सल आने का इंतजार करने लगी पीड़िता के व्हाट्सएप पर एक अनजान नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को मुंबई का बड़ा शासकीय अधिकारी बताया। उसने कहा, आपका लंदन वाला पार्सल मुंबई में होल्ड कर लिया गया है। इसे छुड़ाने के लिए 1 लाख 25 हजार रुपये का टैक्स तुरंत जमा करना होगा।
जब युवती ने इस पर सवाल उठाए, तो ठग ने पैंतरा बदला और खुद को सीबीआई का अधिकारी बताते हुए धमकी दी कि यदि तुरंत भुगतान नहीं किया गया, तो पार्सल कभी नहीं मिलेगा और वह कानूनी पचड़े में फंस जाएगी। सीबीआई के नाम से डरी युवती ने ठगों के आगे घुटने टेक दिए। आरोपियों ने उसे व्हाट्सएप पर दो अलग-अलग क्यूआर कोड भेजे। पीड़िता ने कुल 1 लाख रुपये ठगों के हवाले कर दिए। रकम ट्रांसफर होने के बाद जब आरोपियों ने और पैसों की मांग की, तब युवती को ठगी का अहसास हुआ।
