नयी दिल्ली 04 अगस्त (वार्ता) भारत ने चीन के साथ संबंधों के बारे में कहा है कि दोनों देशों के बीच बातचीत सकारात्मक दिशा में आगे बढ रही है और लोगों के बीच परस्पर संबंध बेहतर बनाने के लिए कई कदम उठाये गये हैं।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने मंगलवार को मीडिया ब्रीफिंग में चीन में सोशल मीडिया पर भारत और भारतीय संस्कृति के खिलाफ दुष्प्रचार से संबंधित सवाल पर कहा कि लोगों की सुविधा को ध्यान में रखकर कैलाश मानसरोवर यात्रा और हवाई संपर्क की बहाली सहित अनेक कदम उठाये जा रहे हैं। इन कदमों से संबंध और मजबूत होंगे।
प्रवक्ता ने कहा,” दोनों देशों के बीच बातचीत चल रही है और यह बातचीत सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ रही है। दोनों देशों के लोगों के बीच संबंध बेहतर बनाने के लिए कई कदम उठाए गए हैं। कैलाश मानसरोवर यात्रा के फिर से शुरू हुई है। दोनों देशों के बीच हवाई संपर्क भी फिर से बहाल किया गया है, साथ ही ऐसे कई अन्य उपाय भी किए गए हैं। हमारा मानना है कि इन कदमों से दोनों देशों के बीच सकारात्मक संबंध और मजबूत होंगे।”
उल्लेखनीय है कि बीजिंग में भारतीय दूतावास के एक कार्यक्रम में भारतीय समुदाय के लोगों ने सोशल मीडिया पर भारत के खिलाफ की जा रही बातों पर चिंता व्यक्त की थी। यह घटनाक्रम विदेश सचिव विक्रम मिस्री की पिछले महीने की चीन यात्रा के बाद का है। श्री मिस्री ने वहां चीन के विदेश उप मंत्री के साथ द्विपक्षीय संबंधों के बारे में विस्तार से बात की थी।
