
नीमच। नशे की बड़ी खेप… बिना नंबर की कार… और पुलिस की ऐसी घेराबंदी कि तस्करों के भागने का कोई रास्ता नहीं बचा। सरवानिया महाराज चौकी पुलिस ने 36 किलो अवैध डोडाचूरा के साथ दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार कर एक बड़ी तस्करी की कोशिश को नाकाम कर दिया।
दरसल प्रदेश में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जावद थाने की सरवानिया महाराज चौकी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक बिना नंबर की अल्टो कार में बड़ी मात्रा में अवैध डोडाचूरा ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने लासुर-मोरवन रोड स्थित नागेश्वर मंदिर के सामने नाकाबंदी कर दी। कुछ ही देर बाद संदिग्ध अल्टो कार वहां पहुंची। पुलिस ने वाहन को रोककर तलाशी ली तो कार के अंदर से 36 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा बरामद हुआ। मौके से दो तस्करों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राकेश चौधरी और संजय जाट के रूप में हुई है। दोनों आरोपी राजस्थान के जोधपुर जिले के भोपालगढ़ क्षेत्र के निवासी हैं। पुलिस ने डोडाचूरा और बिना नंबर की अल्टो कार जब्त कर आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि यह खेप कहां से लाई गई थी, किस तक पहुंचाई जानी थी और इस पूरे तस्करी नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल हैं। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल, एसडीओपी हर्ष राठौर के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी मनोज सिंह जादौन के नेतृत्व में सरवानिया महाराज चौकी पुलिस ने अंजाम दी।
