वर्षों से अधूरी सीसी सड़क पर गंदे पानी से गुजरने को मजबूर स्कूली बच्चे

छिंदवाड़ा। जनपद पंचायत छिंदवाड़ा अंतर्गत ग्राम पंचायत सांख में विकास कार्यों की अनदेखी का खामियाजा मासूम स्कूली बच्चों और ग्रामीणों को भुगतना पड़ रहा है। स्कूल से बस्ती तक जाने वाली सीसी सड़क की खुदाई हुए वर्षों बीत चुके हैं, लेकिन आज तक उसकी मरम्मत नहीं कराई गई। बरसात में सड़क दलदल में तब्दील हो गई है और जगह-जगह गंदा पानी जमा होने से रोजाना आवागमन जोखिम भरा बन गया है। स्कूल आने-जाने वाले बच्चों को इसी जर्जर मार्ग से होकर गुजरना पड़ता है। सड़क पर बने गहरे गड्ढों, कीचड़ और बहते गंदे पानी के कारण हर समय फिसलकर घायल होने का खतरा बना रहता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार पंचायत और संबंधित अधिकारियों का ध्यान इस ओर आकर्षित कराया गया, लेकिन वर्षों बाद भी सड़क की मरम्मत नहीं हो सकी। ग्रामीणों का आरोप है कि विकास कार्यों के नाम पर केवल दावे किए जाते हैं, जबकि जमीनी हकीकत कुछ और ही है। स्कूल मार्ग की बदहाल स्थिति पंचायत की कार्यप्रणाली और विकास कार्यों की निगरानी पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है।ग्रामीणों ने जनपद पंचायत छिंदवाड़ा से मांग की है कि बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए सड़क की तत्काल मरम्मत कराई जाए तथा जल निकासी की स्थायी व्यवस्था की जाए, ताकि बरसात में लोगों को इस परेशानी का सामना न करना पड़े।

इनका कहना

उक्त सड़क को लेकर पंचायत में चर्चा की गई है। 15 अगस्त से पहले सड़क की मरम्मत का कार्य करवा दिया जाएगा, ताकि ग्रामीणों एवं स्कूली बच्चों को आवागमन में हो रही परेशानी से राहत मिल सके।

महेंद्र माहोरे, पंचायत सचिव, ग्राम पंचायत सांख

Next Post

सड़क पर उतरकर किसानों ने किया विरोध प्रर्दशन

Tue Aug 4 , 2026
छिंदवाड़ा. अमरवाड़ा में पोर्टल नही चलने से किसानों का रजिस्ट्रेशन नही होने के कारण उन्हें यूरिया नही मिल पा रही है जिसके चलते किसानों परेशान हैं यूरिया नही मिलने से उन्हें काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है किसानों ने आज अमलरवाड़ा में सड़क पर उतर कर प्रदर्शन करना […]

You May Like