सिंधिया नगर में मंदिर के बाहर मिला युवक का खून से लथपथ शव, गहरे घाव से मौत की आशंका

ग्वालियर। विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के सिंधिया नगर में मंगलवार सुबह 25 वर्षीय युवक का शव मंदिर के बाहर खून से लथपथ हालत में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक के हाथ पर गहरा घाव था और घटनास्थल पर बड़ी मात्रा में खून फैला मिला। सूचना मिलते ही विश्वविद्यालय थाना पुलिस, एफएसएल टीम और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान आशीष बाथम (25) पुत्र नरेश बाथम निवासी सिंधिया नगर के रूप में हुई है। वह सिटी सेंटर क्षेत्र में पानी की टिक्की का ठेला लगाकर जीविकोपार्जन करता था। प्रारंभिक जांच में शरीर पर अन्य कोई चोट नहीं मिली, जबकि हाथ पर गंभीर घाव होने से अत्यधिक रक्तस्राव के कारण मौत की आशंका जताई गई है।

सोमवार रात घर से निकला, सुबह मिला शव

परिजनों ने पुलिस को बताया कि आशीष सोमवार रात करीब 9 बजे घर से निकला था। उस समय वह शराब के नशे में था। मंगलवार सुबह स्थानीय लोगों ने मंदिर के गेट के बाहर उसका शव देखा और पुलिस को सूचना दी।

ठेले से मंदिर तक मिले खून के निशान

जांच के दौरान पुलिस को मृतक के ठेले पर उसके हाथ का मांस का टुकड़ा मिला। ठेला घटनास्थल से करीब 20 कदम दूर था, जबकि शव मंदिर के गेट के पास पड़ा मिला। ठेले से मंदिर तक खून के निशान पाए गए। एफएसएल टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं।

फोरेंसिक विशेषज्ञ कोकसिंह के अनुसार प्रथम दृष्टया घटना का मुख्य स्थल मृतक का ठेला प्रतीत होता है, जहां सबसे अधिक खून और मांस के छोटे-छोटे टुकड़े मिले हैं। आशंका है कि गंभीर रूप से घायल होने के बाद आशीष करीब 20 कदम चलकर मंदिर के गेट तक पहुंचा, जहां कुछ देर बैठने के बाद उसकी मौत हो गई।

हत्या या हादसा, हर पहलू पर जांच

विश्वविद्यालय थाना प्रभारी रवीन्द्र कुमार ने बताया कि युवक के हाथ पर गंभीर घाव कैसे आया, घटना के समय वह किसके साथ था और मामला हत्या का है या दुर्घटना का, इन सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है।

Next Post

लोडिंग वाहनों ने घेरा मुख्य मार्ग... रोजाना लगता है जाम, विवाद की स्थिति भी बनती है

Tue Aug 4 , 2026
पेटलावद. नगर के पेटलावद-थांदला मुख्य मार्ग पर लोडिंग वाहनों के नाम पर सवारी ढोने वाले वाहनों ने यातायात व्यवस्था बिगाड़ दी है। छोड़ने-लेने वाले वाहनों को भी सड़क पर रुकने के लिए जगह नहीं मिलती। कई बार छोटे बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को सड़क पार करने में भी परेशानी होती […]

You May Like