
दमोह/पथरिया। थाना क्षेत्र के ग्राम सूखा में जमीन विवाद के दौरान डायल-112 पुलिस टीम पर हमला करने, शासकीय कार्य में बाधा डालने तथा पुलिसकर्मी का मोबाइल छीनने के मामले में पथरिया पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से 315 बोर की एक बंदूक और दो जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए हैं। मेडिकल परीक्षण के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, 11 जुलाई की शाम डायल-112 को ग्राम सूखा में जमीन विवाद की सूचना मिली थी। सूचना पर पायलट कुलदीप अठया और आरक्षक कुलदीप जैन मौके पर पहुंचे तथा दोनों पक्षों को समझाइश देकर विवाद शांत कराया। वापस लौटते समय पुलिस वाहन रास्ते में कीचड़ में फंस गया। इसी दौरान विवाद से जुड़े एक व्यक्ति ने ट्रैक्टर लाकर वाहन निकालने की बात कही। जब पुलिस टीम उसके साथ ट्रैक्टर लेने जा रही थी, तभी पहले से घात लगाए बैठे आरोपियों ने अचानक पुलिस दल पर हमला कर दिया।
हमले के दौरान आरोपी खूब सिंह लोधी एवं उसके साथी ने शासकीय कार्य में बाधा डालते हुए डायल-112 के पायलट के साथ गाली-गलौज और मारपीट की। बीच-बचाव करने पहुंचे आरक्षक कुलदीप जैन के साथ भी मारपीट की गई तथा उनका मोबाइल छीनकर आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना के दौरान हवाई फायर किए जाने की बात भी सामने आई है, जिसकी पुलिस द्वारा जांच की जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर थाना प्रभारी नेहा गोस्वामी के नेतृत्व में पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपियों के विरुद्ध विभिन्न गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज किया। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 315 बोर की अवैध बंदूक एवं दो कारतूस जब्त किए गए।
मुख्य मार्गों से पैदल निकाला गया आरोपी
गिरफ्तारी के बाद पुलिस आरोपी को मुख्य मार्गों से पैदल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंची, जहां उसका मेडिकल परीक्षण कराया गया। इसके बाद उसे पैदल ही पुलिस थाना लाया गया। पुलिस की इस सख्त और त्वरित कार्रवाई को देखकर नगरवासियों ने सराहना की और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस के प्रयासों की प्रशंसा की। मेडिकल के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
थाना प्रभारी नेहा गोस्वामी ने बताया मुखबिर की सूचना से जगथर तिराहा के पास आरोपी दो जिंदा कारतूस कट्टा लेकर घूम रहा है पूर्व मामले मे फरार था
अन्य धारायो के तहत मामला दर्ज न्यायालय मे पेश कर जेल भेज दिया
