
जबलपुर। जबलपुर से कोलकाता के बीच महत्वपूर्ण हवाई संपर्क 8 अगस्त को उस समय स्थापित हो जायेगा जब एलायंस एयर की उड़ान संस्कारधानी जबलपुर से कोलकाता के लिये प्रारंभ होगी। जबलपुर संसदीय क्षेत्र के सांसद आशीष दुबे ने बताया कि 8 अगस्त शनिवार को कोलकाता से उड़ान भरकर एलायंस एयर का एयरक्राफ्ट सुबह 09.35 बजे जबलपुर पहुंचेगा और फिर जबलपुर से कोलकाता के लिये सुबह 10.00 बजे वापसी की उड़ान भरेगा। विदित हो कि पिछले लंबे समय से जबलपुर-कोलकाता मार्ग पर उड़ान प्रारंभ करवाने के लिये सांसद आशीष दुबे लगातार प्रयास कर रहे थे ।
इस मौके पर सांसद आशीष दुबे ने कहा कि अभी जबलपुर से कोलकाता के लिए सीधी उड़ान नहीं थी। जिससे हवाई यात्रियों को जबलपुर से कोलकाता जाने के लिए स्टॉप ओवर उड़ान से कोलकाता जाना पड़ता था,अब जबलपुर से कोलकाता के बीच सीधी उड़ान प्रारम्भ होने से जबलपुर के हवाई यात्रियों को सुविधा मिलने के साथ उनके समय की बचत भी होगी और आर्थिक भार भी अपेक्षाकृत कम हो जाएगा। सांसद ने जबलपुर-कोलकाता के बीच सीधी उड़ान की सौगात देने के लिये केंद्रीय उड्डयन मंत्री किंजारापु राममोहन नायडू और एलायंस एयर प्रबंधन के प्रति आभार व्यक्त किया है।
कुछ इस तरह मिलेगा फायदा
इस उड़ान से जबलपुर के शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और पर्यटन को बड़ा बढ़ावा मिलेगा। कोलकाता में अध्ययनरत जबलपुर के छात्र, इलाज के लिए जाने वाले मरीज और पूर्वी भारत से व्यापार करने वाले उद्यमियों को अब जबलपुर से कोलकाता के लिये सीधी हवाई सुविधा मिलेगी। समय की बचत,किफायती यात्रा,व्यापार को बढ़ावा मिलने के साथ जबलपुर में निवासरत बांग्लाभाषियों को भी इस उड़ान के प्रारंभ होने से सहज सुविधा प्राप्त होगी वहीं जबलपुर के संगमरमर, कृषि उत्पाद और एमएसएमई उद्योगों को पूर्वी भारत के बाजारों तक सीधी पहुंच मिलेगी।
इन दिनों पर इस टाईमिंग पर भरेगी उड़ान
नई दिल्ली में एलायंस एयर के चेयरमैन अमित कुमार ने सांसद आशीष दुबे को एक भेंट में एलायंस एयर प्रबंधन की ओर से इस आशय की जानकारी देते हुये उड़ान की विस्तृत जानकारी से संबंधित पत्र सौंपा और उड़ान का प्रस्तावित शेड्यूल भी साझा किया है, जिसके अनुसार एलायंस एयर का एटीआर 72 विमान सप्ताह के तीन दिन मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को सुबह 7.05 पर कोलकाता से उड़ान भरकर 9.35 बजे जबलपुर पहुंचेगा और फिर जबलपुर से कोलकाता के लिए 10.00 बजे उड़ान भरकर 12.35 बजे कोलकाता में लैंड करेगा।
