डबल इंजन सरकार की 12000 ट्रेनों की व्यवस्था की खुल गई पोल : राहुल

नयी दिल्ली, 25 अक्टूबर (वार्ता) कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष तथा लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा है कि रेल मंत्री ने त्योहारी सीजन में 12000 विशेष ट्रेनें चलाने की बात कही थी लेकिन ठसाठस भरी और अमानवीय सफर ने डबल इंजन सरकार की पोल खोल कर रख दी है।

श्री गांधी ने शनिवार को सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि बिहार के लोगों के लिए त्योहारी सीजन में घर लौटना घर, परिवार और गांव से अपनेपन की लालसा का प्रतीक है लेकिन उनके लिए अपने घर जाना एक बड़ा संघर्ष बन गया है। बिहार जाने वाली हर रेलगाड़ी में क्षमता से दो गुना लोग ठूंस-ठूंस कर भेजे जा रहे हैं। घर जाने की है यह यात्रा एक तरह से अमानवीय यात्रा हो गई है और 12 000 स्पेशल ट्रेन चलाने की डबल इंजन सरकार के दावे खोखले साबित हो गए हैं।

कांग्रेस नेता ने कहा, “त्योहारों का महीना है-दिवाली, भाईदूज, छठ। बिहार में इन त्योहारों का मतलब सिर्फ़ आस्था नहीं, घर लौटने की लालसा है-मिट्टी की खुशबू, परिवार का स्नेह, गांव का अपनापन लेकिन यह लालसा अब एक संघर्ष बन चुकी है। बिहार जाने वाली ट्रेनें ठसाठस भरी हैं, टिकट मिलना असंभव है और सफ़र अमानवीय हो गया है। कई ट्रेनों में क्षमता से 200 फीसदी तक यात्री सवार हैं- लोग दरवाज़ों और छतों तक लटके हैं।फेल डबल इंजन सरकार के दावे खोखले हैं।”

कांग्रेस नेता ने सरकार से पूछा कि कहां हैं 12,000 स्पेशल ट्रेनें। क्यों हालात हर साल और बदतर ही होते जाते हैं। क्यों बिहार के लोग हर साल ऐसे अपमानजनक हालात में घर लौटने को मजबूर हैं। अगर राज्य में रोज़गार और सम्मानजनक जीवन मिलता, तो उन्हें हज़ारों किलोमीटर दूर भटकना नहीं पड़ता। ये सिर्फ़ मजबूर यात्री नहीं, राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की धोखेबाज़ नीतियों और नियत का जीता-जागता सबूत हैं। यात्रा सुरक्षित और सम्मानजनक हो यह अधिकार है, कोई एहसान नही।

 

 

 

Next Post

बिजली गुल रहने का फायदा उठाकर चोरों ने तीन दुकानों के ताले तोड़े, दो में चोरी

Sat Oct 25 , 2025
मुलताई: थाना क्षेत्र के ग्राम बिसनुर में शुक्रवार रात अज्ञात चोरों ने मुख्य मार्ग पर स्थित तीन दुकानों के शटर के ताले तोड़ दिए। इनमें से दो दुकानों में चोरी की वारदात हुई। चोरों ने कृष्णम ज्वैलर्स, साहू कम्युनिकेशन मोबाइल शॉप और पुष्पराज बेकरी एंड किराना दुकान को निशाना बनाया।कृष्णा […]

You May Like

मनोरंजन