
सारनी। पाथाखेड़ा और सारनी क्षेत्र में अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए सारनी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 48 घंटे के भीतर पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो तलवार, एक छुरा, एक डंडा और दो मोटरसाइकिल भी जब्त की हैं। इस कार्रवाई को क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाना माना जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक बैतूल वीरेन्द्र जैन के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश कुमार खरपुसे एवं एसडीओपी सारनी प्रियंका करचाम के मार्गदर्शन में थाना सारनी प्रभारी जयपाल इवनाती चौकी प्रभारी पुलिस ने यह कार्रवाई की। प्राप्त जानकारी के अनुसार 12 जून 2026 को पाथाखेड़ा निवासी विशाल पवार ने थाना सारनी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 11 जून की रात करीब 10 बजे पुरानी रंजिश के चलते कुछ युवक तलवार लेकर आए और उस पर जानलेवा हमला कर दिया। आरोपियों ने उसके सिर और हाथों पर वार किए तथा आंखों में मिर्च पाउडर फेंका। घटना के दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे उसके साथियों के आने पर आरोपी मौके से फरार हो गए। बाद में इन्हीं आरोपियों द्वारा पुराना बाजार पाथाखेड़ा क्षेत्र में अन्य युवकों के साथ मारपीट करने की जानकारी भी सामने आई।मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए राजकमल गिरी, विक्की उर्फ मामू, विकास उर्फ बुद्धु, बंटी उर्फ मान्या एवं सागर सूर्यवंशी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार प्रकरण में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार किया जाएगा।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक जयपाल इनवाती, चौकी प्रभारी मनोज उईके सहित पुलिस एवं साइबर सेल की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
