मैड्रिड, 3 अगस्त (वार्ता) मोरक्को से पिछले हफ्ते हुई जबरदस्त घुसपैठ के बाद स्पेन के उत्तरी अफ्रीकी क्षेत्र सेउटा में कम से कम 3,000 अवैध प्रवासी अब भी मौजूद हैं।
शहर के मेयर ने सोमवार को यह जानकारी दी। वहीं यूरोपीय संघ (ईयू) के अधिकारी चार अगस्त को इस संकट पर चर्चा करने की तैयारी कर रहे हैं।
सेउटा के मेयर-अध्यक्ष जुआन जीसस विवासा ने कहा कि चार दिनों के भीतर लगभग 80,000 लोग स्पेनिश क्षेत्र में दाखिल हुए। उन्होंने इस घुसपैठ को स्पेन की प्रादेशिक अखंडता का उल्लंघन करार दिया।
स्पेनिश समाचार एजेंसी ‘यूरोपा प्रेस’ ने विवासा के हवाले से कहा, “चार दिनों के बाद भी शहर में 3,000 से 5,000 के बीच प्रवासी बने हुए हैं।”
मेयर ने कहा कि आने वाले लोगों की संख्या सेउटा की कुल आबादी के लगभग बराबर थी, जो लगभग 85,000 है।
जुलाई के अंत में मोरक्को से सीमा पार कर हजारों प्रवासियों के आने के बाद स्पेनिश अधिकारियों ने इस क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस, सिविल गार्ड अधिकारियों और सैन्य कर्मियों को तैनात कर दिया। स्पेनिश अधिकारियों के अनुसार, प्रवेश करने वाले अधिकतर लोग मोरक्को लौट चुके हैं।
प्रवासियों की इस भारी आवाजाही ने व्यापक यूरोपीय प्रतिक्रिया को जन्म दिया है, जिसके तहत स्थिति पर चर्चा करने के लिए यूरोपीय संघ के 22 सदस्य देशों के राजदूत चार अगस्त को आंतरिक मंत्रियों की एक असाधारण अनौपचारिक बैठक की तैयारी कर रहे हैं।
यूरोपीय संघ की विदेश नीति प्रमुख उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने गुट की प्रतिक्रिया का स्वागत करते हुए कहा कि यूरोप के लचीलेपन और सुरक्षा को मजबूत करने के लिए इस घटनाक्रम से सबक लेने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि इस दौरान प्रवेश करने वाला कोई भी प्रवासी स्पेन के मुख्य भूभाग या यूरोपीय संघ के अन्य हिस्सों तक नहीं पहुंचा है।
यूरोप के 22 नेताओं ने सेउटा की स्थिति का ‘साझा मूल्यांकन’ करने और यूरोपीय संघ की समन्वित प्रतिक्रिया पर सहमति व्यक्त करने के लिए इस बैठक का आह्वान किया।
नेताओं ने संयुक्त पत्र में कहा, “हम बड़े पैमाने पर अवैध घुसपैठ, प्रवासन के राजनीतिक इस्तेमाल या अन्य अप्रत्यक्ष खतरों के जरिए यह संदेश नहीं जाने दे सकते कि यूरोपीय संघ में अवैध रूप से दाखिल होना आसान है।” उन्होंने चेतावनी दी कि ऐसी धारणा आगे के प्रयासों को बढ़ावा दे सकती है और गुट की प्रवासन नीति में विश्वास को कमजोर कर सकती है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, हस्ताक्षरकर्ताओं ने कहा कि वे प्रवासन के दबाव से निपटने के लिए आंतरिक सीमा नियंत्रण को मजबूत करने या अस्थायी रूप से फिर से लागू करने सहित अतिरिक्त उपायों पर विचार करेंगे।
इस संकट ने ईयू देशों के बीच सीमा सुरक्षा और प्रवासन प्रबंधन पर बहस को फिर से शुरू कर दिया है। इस दौर में समुद्र के रास्ते सेउटा पहुंचने की कोशिश में कई प्रवासियों की मौत हो गयी।
सेउटा और पास का स्पेनिश क्षेत्र मेलिला, अफ्रीका के साथ यूरोपीय संघ की एकमात्र भूमि सीमा हैं।
