पन्ना, 10 मार्च मध्यप्रदेश के पन्ना टाइगर की बाघिन को आज सुबह शिवपुरी जिले के माधव टाइगर रिज़र्व के लिए रवाना किया गया।
इस युवा बाघिन को पांच मार्च को ट्रेंकुलाइज कर बड़गड़ी स्थित बाड़े में आब्जर्वेसन के लिए रखा गया था। बाघिन का बर्ताव और स्वास्थ्य सब कुछ सामान्य पाए जाने पर नियत तिथि को आज रेस्क्यू वाहन द्वारा माधव टाइगर रिज़र्व भेज दिया गया है। वहां इस बाघिन को प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव द्वारा स्वच्छंद विचरण हेतु खुले जंगल में छोड़ा जायेगा।
क्षेत्र संचालक पन्ना टाइगर रिज़र्व अंजना सुचिता तिर्की ने बताया कि प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्य जीव) भोपाल से प्राप्त अनुमति अनुसार पन्ना टाइगर रिजर्व की बाघिन पी-234 (23) 22 उम्र लगभग 25 माह को आज सुबह 8 बजे रेस्क्यू वाहन द्वारा माधव राष्ट्रीय उद्यान शिवपुरी के लिए रवाना किया गया है। इस बाघिन को प्राप्त करने के लिए माधव राष्ट्रीय उद्यान से डॉक्टर जितेंद्र जाटव वन्य प्राणी चिकित्सक, परिक्षेत्र अधिकारी रूप कुमार दीक्षित एवं वनरक्षक उपस्थित रहे।
क्षेत्र संचालक पन्ना टाइगर रिजर्व की उपस्थिति में डॉक्टर नितिन गुप्ता द्वारा निश्चेतन (ट्रंक्यूलाइजेशन) की कार्यवाही संपन्न की गई। बाघिन के साथ पन्ना टाइगर रिजर्व से राजवेंद्र मिश्रा अधीक्षक केंद्र घड़ियाल अभ्यारण के नेतृत्व में परिक्षेत्र अधिकारी पन्ना बफर, बाघ अनुश्रवण सदस्य एवं रेस्क्यू दल भी गया है। वाइल्डलाइफ कंजर्वेशन ट्रस्ट के डॉक्टर प्रशांत देशमुख भी कॉलरिंग हेतु इस ऑपरेशन में शामिल रहे।

