नई दिल्ली। आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय के तहत आने वाली नवरत्न केंद्रीय सार्वजनिक उपक्रम एनबीसीसी (इंडिया) लिमिटेड ने सेशेल्स गणराज्य सरकार के साथ 1008 किफायती आवासों और उनसे जुड़ी आधारभूत संरचना के निर्माण के लिए एक महत्वपूर्ण समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं। यह परियोजना सेशेल्स के आईल ऑरोर (Île Aurore) क्षेत्र में विकसित की जाएगी।
यह समझौता 29 जुलाई को सेशेल्स के उपराष्ट्रपति सेबेस्टियन पिल्ले और एनबीसीसी के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक डॉ. के. पी. महादेवस्वामी की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ। औपचारिक समझौते पर सेशेल्स सरकार के भूमि, आवास एवं अवसंरचना विभाग के राज्य सचिव जोसेफ फ्रांस्वा तथा एनबीसीसी के कार्यकारी निदेशक (इंजीनियरिंग) प्रदीप शर्मा ने हस्ताक्षर किए।
परियोजना के तहत 1008 किफायती आवासों के निर्माण के साथ-साथ आधुनिक और टिकाऊ शहरी जीवन के लिए आवश्यक आधारभूत सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी। इस परियोजना के लिए भारत के निर्यात-आयात बैंक (EXIM Bank) द्वारा 7.5 करोड़ अमेरिकी डॉलर (75 मिलियन डॉलर) की लाइन ऑफ क्रेडिट (LoC) उपलब्ध कराई जाएगी।
परियोजना में समर्पित सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) सहित अन्य आवश्यक आधारभूत संरचनाओं का निर्माण भी शामिल है, जिससे आईल ऑरोर में आधुनिक एवं सतत सामुदायिक जीवन सुनिश्चित किया जा सके। इस पहल से सेशेल्स में किफायती आवासों की उपलब्धता बढ़ने के साथ-साथ सतत शहरी विकास को भी बढ़ावा मिलेगा।
एनबीसीसी ने कहा कि यह साझेदारी उसके अंतरराष्ट्रीय पोर्टफोलियो में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि है और बड़े पैमाने पर आवास एवं अवसंरचना परियोजनाओं को सफलतापूर्वक क्रियान्वित करने की उसकी विशेषज्ञता को दर्शाती है। साथ ही, यह भारत की विकास साझेदारी के तहत विदेशों में गुणवत्तापूर्ण आधारभूत संरचना उपलब्ध कराने की एनबीसीसी की प्रतिबद्धता को भी मजबूत करती है।
