इंदौर: पुलिसकर्मी बनकर वसूली करने वाले बदमाश अब लोगों के घरों तक पहुंच रहे हैं. आजाद नगर क्षेत्र में चार लोगों ने खुद को क्राइम ब्रांच का पुलिस कर्मचारी बताकर एक ठेकेदार के घर में जबरन प्रवेश किया. उसके साथ मारपीट कर थाने ले जाने और झूठे केस में फंसाने की धमकी दी. डराकर आरोपियों ने उससे 4 हजार रुपए ले लिए और स्कॉर्पियो से भाग निकले.आजाद नगर टीआई लोकेश भदौरिया ने बताया कि हुसैनी मस्जिद वाली गली में रहने वाले इमरान पिता अनवर खान की शिकायत पर भैया पठान, शाहरुख पेट्रोल और उनके दो अन्य साथियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है. इमरान ठेकेदारी करता है. उसने पुलिस को बताया कि 28 सितंबर की रात करीब 3 बजे आरोपियों ने उनके घर का दरवाजा खटखटाया.
दरवाजा नहीं खुला तो लात मारकर खोलने की कोशिश की. दरवाजा खुलते ही चारों जबरन घर में घुस आए.
आरोपियों ने खुद को क्राइम ब्रांच पुलिस बताकर इमरान को थाने चलने के लिए कहा. इमरान ने उनके पुलिस की वर्दी में नहीं होने पर सवाल उठाया और पहचान पत्र मांगा. इस पर आरोपी भड़क गए और उन्हें धक्का दकर कमरे से बाहर कर दिया. इसके बाद बड़े साहब के पास ले जाने की बात कहते हुए डराने लगे. इसके बाद आरोपियों ने खर्चे के नाम पर रुपए मांगे. न देने पर झूठे केस में फंसाने की धमकी दी. दबाव में आकर इमरान ने उन्हें 4 हजार रुपए दे दिए. इसके बाद चारों बाहर खड़ी स्कॉर्पियो में बैठकर फरार हो गए. इमरान ने घटना की जानकारी परिवार और दोस्तों को दी. उनकी सलाह पर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई. पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है.
पुलिसकर्मी बनकर झांसा देकर अंगूठी उड़ाई
इधर, हीरानगर क्षेत्र में भी दो बदमाशों ने पुलिसकर्मी बनकर रामनारायण को रोक लिया. दोनों ने आगे वारदात होने की बात कहते हुए उसकी अंगूठी उतरवा ली. बदमाशों ने अंगूठी रूमाल में रखने का दिखावा किया और रूमाल रामनारायण को सौंप दिया. कुछ देर बाद उसने रूमाल देखा तो अंगूठी गायब थी. शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले, जिनमें संदिग्धों की गतिविधियां मिली हैं. फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है.
