
सागर। सागर जिले के वीरांगना दुर्गावती टाइगर रिजर्व अंतर्गत गेम परिक्षेत्र झापन की बीट सोमखेड़ा से लगे ग्राम सुहेला में वन विभाग की संयुक्त टीम ने 52 नग सागौन की लकड़ी जब्त की है। यह कार्रवाई मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर की गई। वनमंडल अधिकारी के अनुसार, वनक्षेत्रपाल सुश्री मनीषा मुकाती के नेतृत्व में परिक्षेत्र मोहली एवं झापन की संयुक्त टीम ने सर्च वारंट के आधार पर सुहेला निवासी भीकम सिंह पिता करण सिंह लोधी के घर पर दबिश दी। घर पर ताला लगा होने के कारण ग्राम सरपंच एवं अन्य ग्रामीणों की उपस्थिति में घर के आसपास तलाशी ली गई। इस दौरान 52 नग इमारती लकड़ी सागौन जब्त की गई। कार्रवाई में परिक्षेत्र मोहली एवं झापन के वन विभागीय अमले के साथ पुलिस चौकी इमलिया का स्टाफ भी शामिल रहा।
